Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘ध्यान से देखें, वोटर लिस्ट में 416 वें नंबर पर आपका नाम’ तेजस्वी यादव के आरोप पर चुनाव आयोग का जवाब

August 2, 2025

‘ध्यान से देखें, वोटर लिस्ट में 416 वें नंबर पर आपका नाम’ तेजस्वी यादव के आरोप पर चुनाव आयोग का जवाब

नेशनल डेस्क: राजद नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि उनका नाम बिहार के लिए जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान गणना फॉर्म भरा था, लेकिन फिर भी उनका नाम लिस्ट में नहीं आया। उन्होंने सवाल किया, “मैं आगामी विधानसभा चुनाव कैसे लड़ूंगा?” तेजस्वी यादव ने यह भी बताया कि जब उन्होंने चुनाव आयोग के पोर्टल पर अपना ECIP नंबर डालकर सर्च किया, तो ‘No Records Found’ लिखा आ गया।

ध्यान से लिस्ट देखें, खुद की जानकारी का सत्यापन करें

चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव के इस दावे का फैक्ट चेक करते हुए बताया कि उनका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में सही तरीके से शामिल है। आयोग ने तेजस्वी यादव की वोटर लिस्ट का प्रारूप जारी करते हुए कहा कि इसमें उनका नाम, उम्र, पिता का नाम और मकान संख्या दर्ज है। साथ ही, तेजस्वी यादव का ECIP नंबर RAB0456228 भी बताया गया। चुनाव आयोग ने तेजस्वी से अनुरोध किया कि वह ध्यान से लिस्ट देखें और खुद की जानकारी का सत्यापन करें।

चुनाव आयोग के अनुसार, तेजस्वी यादव का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में सीरियल नंबर 416 पर दर्ज है। इस पर आयोग ने कहा, “तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि उनका नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया है। हमने लिस्ट शेयर की है और उन्हें ध्यान से अपना नाम देखने की अपील की है।”

 

वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए 1 सितंबर तक मौका

तेजस्वी यादव ने फिर सवाल किया, “अब मैं चुनाव कैसे लड़ूंगा?” इस पर चुनाव आयोग ने जवाब दिया कि बिहार में एसआईआर प्रक्रिया 1 सितंबर, 2025 तक जारी रहेगी और तब तक फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने आश्वासन दिया कि 1 अगस्त से 1 सितंबर तक सभी मतदाता और राजनीतिक दल संशोधित वोटर लिस्ट पर दावे और आपत्तियां दे सकते हैं। इस दौरान कोई भी नागरिक या पार्टी नाम जोड़ने, हटाने या सुधारने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

सीईसी ने कहा कि बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) और सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन अधिकारी (EROs) इस दौरान राज्य के मतदाताओं को लिस्ट में सुधार के लिए आमंत्रित करेंगे। यदि तेजस्वी यादव का नाम सही में लिस्ट में नहीं होता, तो भी उनके पास दो महीने का समय होगा इसे ठीक कराने के लिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें