Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘दुश्मन किसी धोखे में न रहे, ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ’, पीएम मोदी की PAK को चेतावनी

May 30, 2025

‘दुश्मन किसी धोखे में न रहे, ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ’, पीएम मोदी की PAK को चेतावनी

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में 47,600 करोड़ रुपये की लागत वाली 15 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने चुन्नीगंज और नयागंज के बीच कानपुर मेट्रो के नए कॉरिडोर को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद पीएम मोदी ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को सख्त संदेश देते हुए कहा कि दुश्मन किसी धोखे में न रहे, ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है।

ऑपरेशन सिंदूर से छूटे पसीने, PAK ने की युद्ध रोकने की मांग 
पीएम मोदी ने कहा, ”पहलगाम आतंकी हमले के बाद हमारी बहन बेटियों का आक्रोश ऑपरेशन सिंदूर के रुप में पूरी दुनिया ने देखा है। हमने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकाने, घर में घुसकर, सैंकड़ों मील अंदर जाकर तबाह कर दिए। हमारी सेना ने ऐसा पराक्रम किया कि पाकिस्तानी सेना को गिड़गिड़ा कर युद्ध रोकने की मांग करने पर मजबूर होना पड़ा। स्वतंत्रता संग्राम की इस धरती से मैं सेना के इस शौर्य को बार-बार सैल्यूट करता हूं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं एक बार फिर से कहना चाहता हूं कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जो दुश्मन गिड़गिड़ा रहा था, वो किसी धोखे में न रहे। ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है।

भारत के तीन स्पष्ट सूत्र
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में अब तीन स्पष्ट सूत्रों का पालन करेगा:
-भारत हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा, और इसका तरीका, समय और शर्तें भारतीय सेना खुद तय करेगी।
-भारत अब एटम बम की गीदड़भभकी से नहीं डरेगा, और न ही पाकिस्तान के किसी भी दबाव में आएगा।
-भारत आतंक के आका और उनकी सरपरस्त सरकार को एक ही नजर से देखेगा, यानी कि आतंकवादियों को शह देने वाली सरकारों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।

दुश्मन जहां भी होगा, उसे ‘होंक’ दिया जाएगा: पीएम मोदी 
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पाकिस्तान अब राज्य और गैर-राज्य दोनों तरह के आतंकियों का खेल नहीं खेल सकेगा। उन्होंने कहा, “अगर मैं कानपुरिया भाषा में कहूं, तो दुश्मन कहीं भी होगा, उसे ‘होंक’ दिया जाएगा।” मोदी ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने अपनी स्वदेशी ताकत और मेक इन इंडिया के तहत बने हथियारों, जैसे ब्रह्मोस मिसाइलों का इस्तेमाल किया। इन हथियारों ने दुश्मन के ठिकानों को सटीक रूप से नष्ट किया।

उत्तर प्रदेश का डिफेंस सेक्टर में योगदान
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश डिफेंस सेक्टर में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पहले भारत अपनी सैन्य जरूरतों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन अब देश ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि कानपुर में पुरानी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को 7 आधुनिक कंपनियों में बदल दिया गया है, जिससे देश अपनी रक्षा जरूरतों के लिए अब किसी और पर निर्भर नहीं रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें