Site icon Dainik Savera Times

Pakistan: एक ही झटके में उजड़ गया पूरा खानदान, दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत

इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी हिस्से में एक बेहद दुखद सड़क हादसा हुआ है। यह हादसा खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में गुरुवार देर रात हुआ। एक वाहन ब्रेक फेल हो जाने की वजह से गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य लोग घायल हो गए। यह वाहन झोब जिले से डेरा इस्माइल खान की ओर जा रहा था। हादसे की जानकारी मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया।

बचाव अधिकारियों ने क्या बताया?

बचाव कर्मियों ने बताया कि घटनास्थल से 5 महिलाओं, 1 पुरुष और 1 बच्चे के शव बरामद किए गए। हादसे के तीन घायल लोगों को तुरंत प्राथमिक इलाज दिया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की कि मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे।

पाकिस्तान में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

इसी साल जुलाई में भी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बड़ा सड़क हादसा हुआ था। इस्लामाबाद से लाहौर जा रही एक बस चकवाल जिले के बलकसार इलाके में खाई में गिर गई थी। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। हादसे की वजह बस का टायर फटना बताया गया था। अप्रैल में भी जरानवाला इलाके में एक यात्री बस और तीन पहिया वाहन की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यह हादसा भी पंजाब प्रांत में हुआ था।

सड़क हादसों की वजह

पाकिस्तान में अक्सर सड़क हादसे खराब सड़कें, वाहनों की खराब स्थिति, यातायात नियमों की अनदेखी और सुरक्षा को लेकर जागरूकता की कमी के कारण होते हैं। इन कारणों से हर साल कई जानें चली जाती हैं।

Exit mobile version