Site icon Dainik Savera Times

Tejas Crash: ‘पापा यूट्यूब पर मेरा प्रदर्शन जरूर देखें’, एयर शो के वीडियो खोज रहे पिता को मिली क्रैश की खबर

नेशनल डेस्क: दुबई एयर शो में तेजस लड़ाकू विमान के क्रैश होने से शहीद हुए विंग कमांडर नमांश स्याल की मौत की खबर उनके पिता जगन नाथ स्याल के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं थी। हादसे से कुछ घंटे पहले ही नमांश ने अपने पिता से बात करके कहा था कि वे टीवी या यूट्यूब पर उनका प्रदर्शन जरूर देखें। लेकिन जब पिता वीडियो खोजने बैठे, तो उन्हें बेटे के शानदार शो का वीडियो नहीं, बल्कि तेजस के क्रैश होने की खबरें दिखाई देने लगीं।

वीडियो खोजते हुए मिला हादसे का समाचार
जगन नाथ स्याल ने बताया कि शुक्रवार को उनकी बेटे से आखिरी बातचीत हुई थी। नमांश ने खुशी-खुशी कहा था कि वह दुबई एयर शो में प्रदर्शन करने वाला है और पिता से अनुरोध किया था कि वे इसे टीवी या यूट्यूब पर जरूर देखें। शाम करीब 4 बजे, जब जगन नाथ यूट्यूब पर एयर शो के वीडियो ढूंढ रहे थे, तभी उन्हें अचानक तेजस क्रैश की खबर दिखी। वे घबरा गए और तुरंत अपनी बहू को फोन किया, जो खुद भी वायुसेना में विंग कमांडर हैं, ताकि पता लगा सकें कि असल में क्या हुआ है।

कुछ ही मिनटों में डर सच हो गया
फोन के कुछ मिनट बाद ही उनके घर छह वायुसेना अधिकारी पहुंचे। उन्हें देखते ही जगन नाथ समझ गए कि कुछ बहुत बुरा हो चुका है। अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की और बताया कि नमांश दुर्घटना में शहीद हो गए। नमांश के माता-पिता इस समय तमिलनाडु के कोयंबटूर में हैं, जहां वे अपनी सात साल की पोती आर्या की देखभाल करने गए थे। उनकी बहू इन दिनों कोलकाता में ट्रेनिंग पर हैं।

नमांश का जीवन और करियर
नमांश स्याल की शुरुआती पढ़ाई डलहौजी, आर्मी पब्लिक स्कूल योल कैंट, धर्मशाला, और सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा में हुई। इसके बाद उन्होंने NDA पास किया और 2009 में भारतीय वायुसेना में शामिल हुए। उनके पिता बताते हैं कि नमांश बचपन से ही पढ़ाई में तेज था और बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला रखता था। उनकी शहादत से पूरा परिवार टूट चुका है। मां वीना स्याल गहरे सदमे में हैं। अधिकारियों ने परिवार को बताया है कि पार्थिव शरीर को भारत लाने में करीब दो दिन लग सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नमांश स्याल की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने एक साहसी और कर्तव्यनिष्ठ योद्धा खो दिया है। कांगड़ा के डिप्टी कमिश्नर हेमराज बैरवा ने भी कहा कि प्रशासन इस कठिन समय में परिवार को हर संभव सहायता दे रहा है।

Exit mobile version