Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

फेंटेनाइल ड्रग्स की तस्करी करने वालों को मौत की सजा देगा ये देश; US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने किया दावा

July 17, 2025

फेंटेनाइल ड्रग्स की तस्करी करने वालों को मौत की सजा देगा ये देश; US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने किया दावा

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूएस में ड्रग्स की तस्करी रोकने के लिए कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। उन्होंने खतरनाक ड्रग्स फेंटेनाइल को लेकर बड़ा बयान जारी किया है। ट्रंप ने कहा कि यूएस और चीन मिलकर एक खास समझौते पर काम कर रहे हैं। अमेरिका में फेंटेनाइल ड्रग्स की तस्करी करने वाले लोगों को चीन अब मौत की सजा देगा। चीन से भारी मात्रा में फेंटेनाइल ड्रग्स की तस्करी की जा रही है, जिसकी वजह से यूएस को काफी नुकसान हो रहा है।

इसी वजह से उन्होंने 20 फीसदी टैरिफ का ऐलान किया है। बता दें कि फेंटेनाइल रोकने के लिए अमेरिका लगातार काम कर रहा है। इसी साल मार्च में भी अमेरिकी सीनेट ने इसको लेकर विधेयक पारित किया था। ट्रंप ने कहा कि उनके चीनी प्रेसिडेंट शी जिनपिंग के साथ अच्छे संबंध हैं। चीन से लगातार फेंटेनाइल की आमद यूएस पहुंच रही है, इसी वजह से उन्होंने टैरिफ का ऐलान किया है। इस ड्रग्स की आमद मेक्सिको तक है।

अधिनियम में किया संशोधन

ट्रंप ने फेंटेनाइल से संबंधित पदार्थों की अनुसूची में नियंत्रित पदार्थ अधिनियम में संशोधन करने का ऐलान किया है। विधेयक पर हस्ताक्षर करते समय वे ये ऐलान कर रहे थे। ट्रंप ने कहा कि 20 फीसदी टैरिफ लगने के बाद फेंटेनाइल की तस्करी करने वाले लोगों को अरबों डॉलर का हर्जाना भरना होगा। जो लोग गलत करेंगे, उनको भुगतान करना होगा। हम लोगों को यकीन है कि चीन फेंटेनाइल बनाने वालों को नहीं बख्शेगा। वह उनको मौत की सजा देगा, जो सीधे तौर पर या दूसरे देशों के जरिए अमेरिका में इस ड्रग्स को भेजते हैं। चीन के साथ इस तरह के एग्रीमेंट पर काफी पहले समझौता हो जाना चाहिए था।

बाइडेन को ठहराया जिम्मेदार

ट्रंप यहीं नहीं रुके। उन्होंने दावा किया कि यह समझौता काफी पहले हो गया होता। हमारे यहां चुनावों में धांधली हुई थी, जिसकी वजह से कोई और आ गया। उन लोगों को ऐसे समझौतों के बारे में पता नहीं था। फेंटेनाइल से संबंधित चीजों पर अमेरिका में बैन लगा दिया गया है। जो लोग इस घातक जहर की तस्करी कर रहे हैं, उनको जेल में डाल दिया जाएगा। अमेरिका में ड्रग्स तस्करी के लिए ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को भी जिम्मेदार ठहराया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें