Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुश्किल में फंसे राहुल गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर विवादित पोस्ट के कारण FIR दर्ज

January 27, 2025

मुश्किल में फंसे राहुल गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर विवादित पोस्ट के कारण FIR दर्ज

नेशनल डेस्क : 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के दौरान राहुल गांधी द्वारा किए गए एक पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस पोस्ट में उन्होंने नेताजी की मृत्यु की तारीख का उल्लेख किया, जिसको लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

भवानीपुर थाने में दर्ज हुई FIR 

आपको बता दें कि राहुल गांधी के खिलाफ यह मामला दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर थाने में  एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में कहा गया है कि राहुल गांधी के पोस्ट में नेताजी की मृत्यु की तारीख को लेकर गलत जानकारी दी गई थी। नेताजी की मृत्यु की तारीख पर लंबे समय से विवाद है, क्योंकि यह कभी स्पष्ट नहीं हो पाई। हालांकि, राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में 18 अगस्त 1945 की तारीख का उल्लेख किया था, जो कि नेताजी के विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की तारीख थी।

चंद्रचूड़ गोस्वामी के आरोप

इस मामले में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वही परंपरा आगे बढ़ा रहे हैं, जिसके तहत पहले नेताजी को कांग्रेस छोड़ने के लिए मजबूर किया गया था। इसके बाद नेताजी को देश छोड़ने पर भी मजबूर किया गया। गोस्वामी ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार हमेशा से नेताजी की यादों को मिटाने की कोशिश करता आया है, और इस बार भी उन्होंने नेताजी के बारे में गलत जानकारी देने की कोशिश की।

राहुल गांधी का पोस्ट और विवाद

यह विवाद तब शुरू हुआ जब राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट “एक्स” पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने नेताजी की मृत्यु की तारीख 18 अगस्त 1945 बताई, जब नेताजी का विमान ताइहोकू (अब ताइपे) में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हालांकि, यह तथ्य कभी पुष्टि नहीं हो पाया कि नेताजी की मृत्यु उसी दिन हुई थी, और उनकी मौत पर कई आयोगों ने भी कोई ठोस जानकारी नहीं दी है।

पार्टियों और संगठनों ने कड़ी आलोचना की

राहुल गांधी के इस पोस्ट पर विभिन्न राजनीतिक पार्टियों और संगठनों ने कड़ी आलोचना की। ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक, जो नेताजी सुभाष चंद्र बोस के द्वारा कांग्रेस छोड़ने के बाद गठित हुआ था, ने भी इस पोस्ट की आलोचना की। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भाजपा ने भी राहुल गांधी के इस पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के दिन राहुल गांधी का यह विवादित पोस्ट उनके लिए कानूनी और राजनीतिक परेशानी का कारण बन गया है। इस पोस्ट को लेकर विभिन्न समूहों और संगठनों ने उन्हें गलत जानकारी देने का आरोप लगाया है, और उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें