Site icon Dainik Savera Times

Delhi-Howrah Poorva Express में लगी आग, मची अफरा-तफरी… टला बड़ा हादसा, Video

नेशनल डेस्क : दिल्ली- हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस में शनिवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया, जब दिल्ली से हावड़ा जा रही पूर्वा एक्सप्रेस की पार्सल बोगी में आग लग गई। यह घटना गंजख्वाजा स्टेशन के पास हुई, जो पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU) के अंतर्गत आता है। घटना सुबह करीब 10:15 बजे की है। जैसे ही ट्रेन DDU स्टेशन से चली, कुछ ही दूरी पर पार्सल बोगी से धुआं निकलने लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

ब्रेक जाम होने के कारण आग लगी

दरअसल, पार्सल बोगी से धुआं निकलते ही यात्रियों ने तुरंत शोर मचाया और ट्रेन कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट और अन्य रेलकर्मियों ने ट्रेन को तुरंत रोका। जांच में पता चला कि पार्सल बोगी के ब्रेक पैड जाम हो गए थे, जिससे ब्रेक बाइंडिंग की स्थिति उत्पन्न हो गई। जब ब्रेक सही तरीके से नहीं खुलते और लगातार रगड़ होती है, तो अत्यधिक गर्मी पैदा होती है, जो आग का कारण बनती है।

कर्मचारियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

रेल कर्मचारियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और उसे फैलने से पहले ही बुझा दिया। इस घटना के दौरान कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ, क्योंकि आग केवल पार्सल बोगी तक सीमित रही। यात्रियों की सतर्कता और कर्मचारियों की तत्परता ने इस हादसे को बड़े स्तर पर होने से रोक लिया। इस घटना का वीडियो एक यात्री ने बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो बहुत तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में धुआं उठती हुई बोगी और दौड़ते हुए रेलकर्मियों को देखा जा सकता है, जो आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे।

जांच के बाद ट्रेन फिर से रवाना

आग बुझाए जाने के बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने पार्सल बोगी की पूरी जांच की। जांच के बाद जब यह सुनिश्चित हो गया कि ट्रेन का बाकी हिस्सा सुरक्षित है और कोई अन्य खतरा नहीं है, तो ट्रेन को फिर से गया की ओर रवाना किया गया। DDU मंडल के अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आगे से इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। रेलवे ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और भविष्य में इस तरह के हादसों से बचने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

Exit mobile version