Site icon Dainik Savera Times

ठाणे के हाइपरसिटी मॉल में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप, दूर-दूर तक फैली आग की लपटें

Jalandhar News

Jalandhar News

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के ठाणे में आज मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बता दें कि घोड़बंदर रोड स्थित हाइपरसिटी मॉल में सुबह अचानक से आग लग गई। यह आग मॉल के दूसरे माले पर स्थित पूमा ब्रांड के आउटलेट में लगी थी। हालांकि, आग उस समय लगी जब मॉल में कोई भी ग्राहक मौजूद नहीं था। वहीं इस आग की जानकारी जैसे ही ठाणे नगर निगम को हुई आपदा विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। फिलहाल एक घंटे की मशक्कत के बाद  इस आग पर काबू पा लिया गया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

आग की जानकारी मिलते ही बचाव कार्य शुरू

आपको बता दें कि आग की जानकारी मिलने के तुरंत बाद ठाणे नगर निगम के आपदा विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके अलावा, कासरवडवली पुलिस स्टेशन के अधिकारी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की। दमकल विभाग ने आग बुझाने के लिए एक पिकअप फायर गाड़ी, एक रेस्क्यू गाड़ी, एक फायर ऑफिसर और एक हाई राइज गाड़ी भेजी। आग पर काबू पाने का कार्य पूरी तेजी से किया गया।

मॉल का महत्व और लोगों की आमद

अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, जूते की एक दुकान और उसके समीप स्थित एक अन्य दुकान पूरी तरह से जल गई है। बता दें कि हाइपरसिटी मॉल घोड़बंदर रोड पर स्थित एक प्रमुख शॉपिंग डेस्टिनेशन है, जहां लोग फैशन, गारमेंट्स, जूते-चप्पल और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें खरीदने आते हैं। यह इलाका एक हाई-प्रोफाइल क्षेत्र माना जाता है और यहां अक्सर बड़ी संख्या में लोग शॉपिंग करने आते हैं। मॉल के कारण यह स्थान लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण शॉपिंग हब बन चुका है। अगर यह आग दिन के समय लगती और मॉल में ग्राहक होते, तो यह एक बहुत बड़ी दुर्घटना बन सकती थी। ग्राहकों की भीड़ और मॉल की भीड़-भाड़ को देखते हुए स्थिति अधिक गंभीर हो सकती थी, लेकिन गनीमत रही कि यह घटना सुबह के समय हुई, जब मॉल में कोई ग्राहक नहीं था।

आग के कारणों की जांच जारी

हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। ठाणे नगर निगम और अन्य संबंधित अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही पूरी जानकारी सामने आएगी। इस घटना में बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह एक गंभीर चेतावनी है कि मॉल जैसी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।

Exit mobile version