Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

मणिपुरः बारिश ने रोकी उड़ान, फिर 65 KM कार से सफर… चुराचांदपुर में हिंसा पीड़ितों से मिलने पहुंचे पीएम मोदी

September 13, 2025

मणिपुरः बारिश ने रोकी उड़ान, फिर 65 KM कार से सफर… चुराचांदपुर में हिंसा पीड़ितों से मिलने पहुंचे पीएम मोदी

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मणिपुर के चुराचांदपुर जिले का दौरा किया। वे मणिपुर में 2023 में भड़की जातीय हिंसा के पीड़ितों से मिलने पहुंचे। पहले उनकी योजना हेलीकॉप्टर से जाने की थी, लेकिन भारी बारिश के कारण मौसम खराब हो गया। इसके चलते हेलीकॉप्टर उड़ाना संभव नहीं था।

इस स्थिति में पीएम मोदी ने तय किया कि वे सड़क के रास्ते ही चुराचांदपुर जाएंगे। चुराचांदपुर इंफाल से लगभग 65 किलोमीटर दूर है और वहां पहुंचने में उन्हें करीब डेढ़ घंटे लगे। प्रधानमंत्री ने वहां हिंसा प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी बात सुनी। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा कि वे कितना भी समय लगे, लेकिन हिंसा पीड़ितों से मिलने जरूर जाएंगे।

लोगों ने तिरंगा लेकर स्वागत किया, कभी नहीं भूलूंगा: पीएम 

इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने मणिपुर के लोगों की तारीफ करते हुए कहा, “इतनी तेज बारिश के बावजूद आप सब भारी संख्या में आए, इसके लिए मैं आपका दिल से धन्यवाद करता हूं। आज मेरा हेलीकॉप्टर नहीं उड़ पाया, लेकिन सड़क मार्ग से जो सफर मैंने किया, वह मेरे लिए बहुत खास बन गया। रास्ते में लोगों ने हाथ में तिरंगा लेकर जो प्यार और स्वागत किया, वह मैं कभी नहीं भूलूंगा।” प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर के लोगों के हौसले और जज्बे की सराहना की और कहा कि उन्हें मणिपुर की जनता पर गर्व है।

हिंसा में हुई थी 250 लोगों की मौत 

मणिपुर में मई 2023 में मैतेई समुदाय और कुकी जनजाति के बीच जातीय हिंसा भड़क उठी थी। इस हिंसा में 250 से ज्यादा लोगों की जान गई थी और करीब 60,000 लोग बेघर हो गए थे। अब भी कई लोग सरकार द्वारा बनाए गए राहत शिविरों में रह रहे हैं। यह दौरा उस हिंसा के बाद पीएम मोदी का पहला मणिपुर दौरा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें