Site icon Dainik Savera Times

‘श्रीनगर एयरपोर्ट पर फिर शुरू हुई उड़ानें’, केंद्रीय मंत्री बोले- कश्मीर पूरी तरह सुरक्षित, आइए और घूमिए

नेशनल डेस्क: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने गुरुवार को कहा कि श्रीनगर के लिए सभी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे कश्मीर आएं, यहां की खूबसूरती देखें और स्थानीय लोगों की मदद करें।

उड़ान सेवाएं बहाल, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
नायडू ने कहा, “आज, 15 मई से दिल्ली, मुंबई और बाकी शहरों से श्रीनगर के लिए सभी शेड्यूल उड़ानें बहाल कर दी गई हैं। यहां पर्यटन, व्यापार और अर्थव्यवस्था में काम करने वाले लोगों को हाल के दिनों में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। अब सब कुछ सामान्य हो रहा है।”

कश्मीर सुरक्षित है: नायडू
मंत्री ने श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “कश्मीर पूरी तरह से सुरक्षित है। हम चाहते हैं कि लोग यहां दोबारा आएं और पर्यटकों का भरोसा लौटे। हमें कश्मीर के लोगों की अर्थव्यवस्था को संभालने में साथ देना चाहिए।” उन्होंने यह भी बताया कि सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।

श्रीनगर हवाई अड्डे की समीक्षा और कर्मचारियों का सम्मान
राम मोहन नायडू ने श्रीनगर हवाई अड्डे पर जाकर वहां की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने हवाई अड्डे पर कार्यरत कर्मचारियों से मुलाकात की और हाल की सुरक्षा स्थितियों के दौरान उनके साहस और समर्पण के लिए सराहना की। उन्होंने कहा, “पिछले तीन हफ्तों के तनाव के दौरान, हमने सुरक्षा कारणों से कुछ उड़ानें बंद की थीं। अब जब स्थिति सामान्य हो गई है, मैं खुद यहां आया हूं अधिकारियों और कर्मचारियों से मिलने, ताकि उनका मनोबल बढ़ा सकूं।”

ऑपरेशन सिंदूर की सराहना
नायडू ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर सेना को बधाई दी। उन्होंने कहा, “हमारे सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर सटीक हमला किया। सबसे बड़ी बात यह रही कि हमले में किसी आम नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचा। यह हमारे फौजियों की समझदारी और पेशेवर रवैये को दिखाता है।”

Exit mobile version