हिमाचल प्रदेश डेस्कः दिल्ली-शिमला, शिमला-धर्मशाला और शिमला-अमृतसर रूट पर हवाई सेवाएं सितंबर से बंद हैं। इन मार्गों पर एलायंस एयर सेवाएं संचालित कर रही थी। हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर न होने के कारण कंपनी ने पहले 31 दिसंबर तक उड़ानें बंद रखने का निर्णय लिया था, लेकिन एमओयू नहीं होने के चलते अब यह सेवाएं 15 जनवरी तक स्थगित कर दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, यदि एमओयू नहीं होता है तो मार्च तक इन सेवाओं के बहाल होने की संभावना बेहद कम है। दिल्ली से शिमला के जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे के लिए एलायंस एयर उड़ानें संचालित कर रही थी। इन सेवाओं को लेकर एलायंस एयर, केंद्र सरकार और राज्य सरकार के बीच हुआ समझौता सितंबर में समाप्त हो चुका है।
शिमला और धर्मशाला के बीच उड़ानों के लिए हिमाचल सरकार वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) प्रदान करती है। वीजीएफ वह वित्तीय सहायता होती है, जो स्थानीय रूटों पर हवाई सेवाओं की लागत और किफायती किराए के बीच के अंतर को पूरा करने के लिए विमान कंपनियों को दी जाती है। कंपनी का कहना है कि प्रदेश सरकार से 18 करोड़ रुपये की वायबिलिटी गैप फंडिंग मिलने पर ही रियायती सीटों का संचालन संभव है।

