Site icon Dainik Savera Times

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर Keith Stackpole का हुआ निधन

Keith Stackpole : ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व उप-कप्तान और 1973 में विजडन के क्रिकेटर ऑफ द ईयर में से एक कीथ स्टैकपोल का निधन हो गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को यह जानकारी दी। बता दें कि वह 84 वर्ष के थे। स्टैकपोल ने 1966 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया और 43 टेस्ट मैचों में 2,807 रन बनाए। उन्होंने लेग स्पिनर के रूप में भी 15 विकेट लिए।

उन्होंने 1971 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए पहले एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भी भाग लिया था। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में उन्होंने तीन विकेट लिए थे और इस तरह ऑस्ट्रेलिया की पांच विकेट से जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

स्टैकपोल ने अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट प्रदर्शन एशेज में किया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 13 टेस्ट मैचों में 50.6 की औसत से रन बनाए, जिसमें 1970 में ब्रिस्बेन में खेली गई 207 रनों की पारी भी शामिल है, जो टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर भी है। वह 1972 की एशेज श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के उप-कप्तान थे। स्टैकपोल ने 1974 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। इसके बाद वह मीडिया और प्रसारण क्षेत्र से जुड़ गए।

Exit mobile version