
हिमाचल डेस्क (सृष्टि): मनाली विधानसभा क्षेत्र में बीते महीने हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने गांवों की स्थिति को देखकर प्रशासन से तुरंत सुधार की मांग की है।
गोविंद सिंह ठाकुर ने मनाली विधानसभा क्षेत्र के कुछ प्रमुख ग्रामीण क्षेत्रों जैसे सारी, भेखली, बनोगी नथान, बस्तोरी आदि का दौरा किया। उन्होंने बताया कि भारी बारिश और भूस्खलन से इन गांवों में काफी नुकसान हुआ है। इनमें से अधिकांश गांवों में मुख्य सड़क से जुड़ने वाली लिंक सड़कों की स्थिति बहुत खराब है और ये सड़के अब तक बंद पड़ी हैं।
उल्लेखनीय है कि अगस्त महीने में व्यास नदी में आई बाढ़ और भूस्खलन ने इस क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी। हालांकि प्रशासन ने नेशनल हाईवे 3 पर काम करके एक तरफा सड़क यातायात बहाल कर दिया है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति अब भी दयनीय है।
पूर्व मंत्री ने हिमाचल प्रदेश सरकार से मांग की है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और जिन स्कूलों के भवन गिर गए हैं, उन्हें शीघ्र ठीक किया जाए। इसके साथ ही, जिन लिंक सड़कों की स्थिति खराब है, उनका भी तत्काल सुधार किया जाए। गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्होंने लोरन सरली खलाडा सड़क का भी निरीक्षण किया, जो अभी तक ठीक नहीं की जा सकी है। इस सड़क के बंद होने से लोग कुल्लू शहर तक पैदल आ-जा रहे हैं।
इसके अलावा, बस्तोरी नथान सड़क की हालत इतनी खराब है कि पिछले आठ महीने से वहां कोई बस सेवा नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि ओल्ड मनाली पुल के आगे कल्ब हाउस से पलचान तक सड़क भी अभी तक ठीक नहीं की गई है। पूर्व मंत्री ने सरकार से इन सभी सड़कों को तुरंत ठीक करने की अपील की और कहा कि इन सड़कों की स्थिति सुधारने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।