Site icon Dainik Savera Times

UP News: कानपुर स्टेशन से निकलते ही ट्रेन के 4 कोच पटरी से उतरे, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Four coachesChauri Chaura Express Train derailed left Kanpur station

Four coachesChauri Chaura Express Train derailed left Kanpur station

न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बुधवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही मिनट बाद चौरीचौरा एक्सप्रेस ट्रेन के चार कोच पटरी से उतर गए। इस घटना के बाद स्टेशन और रेलवे प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 15003 बुधवार शाम कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंची थी। यहां से ट्रेन शाम करीब 5:03 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। स्टेशन से निकलने के लगभग दो मिनट बाद यानी 5:05 बजे ट्रेन के चार कोच पटरी से उतर गए।

ट्रेन के चार कोच की ट्रॉली पटरी से उतरी

रेलवे के अनुसार, ट्रेन के बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतर गई। ट्रेन के स्टेशन से आगे बढ़ते समय यह घटना हुई। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में घबराहट फैल गई। हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति को संभालने के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी।

प्रयागराज से भी पहुंचे वरिष्ठ रेलवे अधिकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज से वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को भी मौके के लिए रवाना किया गया। वहीं, कानपुर में डिप्टी सीटीएम के नेतृत्व में राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। रेलवे की टीमें घटनास्थल पर स्थिति का जायजा ले रही हैं और प्रभावित कोचों को पटरी पर लाने के लिए जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

 

हादसे के कारणों का लगाया जा रहा पता

फिलहाल ट्रेन के चार कोच पटरी से उतरने की असली वजह सामने नहीं आई है। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच और जरूरी तकनीकी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हालांकि, इस घटना में किसी यात्री के घायल नहीं होने से रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली है। अब रेलवे की प्राथमिकता प्रभावित कोचों को हटाकर रेल परिचालन को सामान्य करना और हादसे की वजह का पता लगाना है।

असम में हुए रेल हादसे में सभी यात्री सुरक्षित, चार को मामूली चोटें

वहीं, इससे पहले गुवाहाटी के पास दिगारू में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा है कि फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं। 4 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सभी यात्री सुरक्षित हैं। 4 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। हम इस स्थिति को लेकर रेल मंत्रालय (भारत) के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। फंसे हुए सभी यात्रियों को जरूरी चीजें उपलब्ध करा दी गई हैं और उनकी आगे की यात्रा के लिए एक दूसरी ट्रेन का इंतजाम कर दिया गया है।”

Exit mobile version