नेशनल डेस्क: मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के खनपी गांव में सोमवार तड़के सेना और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) के चार उग्रवादी मारे गए। खनपी गांव चुराचांदपुर से करीब 80 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।
खुफिया सूचना के आधार पर की कार्रवाई
रक्षा सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई थी। जब सेना और असम राइफल्स की संयुक्त टीम तलाशी अभियान चला रही थी, तभी उग्रवादियों ने अचानक उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में चार उग्रवादियों को मार गिराया।
यूकेएनए (UKNA) एक गैर-एसओओ यानी Suspension of Operation समझौते से बाहर उग्रवादी संगठन है। हाल के दिनों में इस संगठन के सदस्यों पर कई हिंसक घटनाओं में शामिल होने के आरोप लगे हैं, जिनमें एक गांव प्रमुख की हत्या, स्थानीय लोगों को धमकाना और क्षेत्र में शांति भंग करने की कोशिश शामिल है।
तलाशी अभियान जारी
सेना और असम राइफल्स ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन मणिपुर में शांति और स्थिरता बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि इलाके में अब भी तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी और उग्रवादी की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

