Site icon Dainik Savera Times

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और पत्नी का वीडियो हुआ वायरल, ट्रंप ने ली चुटकी… दी ये सलाह

नेशनल डेस्क : फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल होते वीडियो में आप देख सकते है कि जैसे ही प्लेन का दरवाजा खुला, वैसे ही मैक्रों दरवाजे के सामने खडे़ थे, तभी उनकी पत्नी ब्रिगिट ने उनके चेहरे की ओर हाथ से धक्का दे दिया। जिसके बाद इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी  से वायरल होने लगा। साथ ही यह पूरे विश्व के लिए चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, अब इस वीडियो पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी चुटकी लेते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

क्या है वायरल वीडियो में?

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो उस वक्त का है जब मैक्रों दंपति वियतनाम पहुंचे थे। जैसे ही उनका प्लेन लैंड हुआ और दरवाजा खुला, तो कैमरे में एक अजीब सा पल कैद हो गया। वीडियो में देखा गया कि जैसे ही दरवाजा खुला, मैक्रों दरवाजे के सामने खड़े थे, तभी उनकी पत्नी ब्रिगिट ने हल्के से उनके चेहरे की ओर हाथ से धक्का दिया। इसके बाद मैक्रों ने मीडिया की ओर हाथ हिलाया।

ब्रिगिट ने नहीं थामा मैक्रों का हाथ

वीडियो में एक और बात लोगों का ध्यान खींचती है  जब मैक्रों ने विमान की सीढ़ियाँ उतरते समय ब्रिगिट की ओर हाथ बढ़ाया, तो उन्होंने उनका हाथ नहीं पकड़ा। इससे तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।

डोनाल्ड ट्रंप ने वीडियो पर ली चुटकी 

ओवल ऑफिस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब एक पत्रकार ने इस वीडियो को लेकर डोनाल्ड ट्रंप से सवाल पूछा, तो ट्रंप ने चुटकी लेते हुए कहा, “वो दोनों बहुत अच्छे लोग हैं। मुझे नहीं पता कि यह सब क्या था।” जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उनके पास वैवाहिक जीवन को लेकर कोई सलाह है, तो उन्होंने मजाक में कहा “यह सुनिश्चित करें कि दरवाजा बंद रहे!”

पहले बताया गया ‘फेक’, फिर वीडियो की पुष्टि

हालांकि, शुरुआत में फ्रांस की राष्ट्रपति भवन एलिसी पैलेस ने इस वीडियो को फर्जी (फेक) बताया था। लेकिन बाद में इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि कर दी गई कि वीडियो असली है।वहीं इस घटना पर मैक्रों का जवाब सामने आया है – “हम सिर्फ मजाक कर रहे थे” वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि वह और उनकी पत्नी महज मज़ाक कर रहे थे। उन्होंने कहा “जिस लम्हे को वायरल किया गया, वह सिर्फ एक हल्का-फुल्का क्षण था, जिसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।”

मैक्रों और ब्रिगिट की प्रेम कहानी

इमैनुएल मैक्रों और ब्रिगिट की मुलाकात हाई स्कूल में हुई थी, जहां मैक्रों छात्र थे और ब्रिगिट उनकी टीचर थीं। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम बढ़ा और साल 2007 में दोनों ने शादी कर ली। मैक्रों ने इस पूरे घटनाक्रम को एक ‘गलत सूचना’ का उदाहरण बताया और कहा कि सोशल मीडिया पर लोग बिना जांचे तथ्यों को तेजी से फैला देते हैं। मैक्रों और ब्रिगिट के बीच वायरल हुआ यह पल शायद एक निजी मजाक रहा हो, लेकिन यह घटना यह भी बताती है कि सोशल मीडिया पर कुछ भी तेजी से फैल सकता है, और इससे नेताओं की छवि पर भी असर पड़ सकता है। वहीं, ट्रंप की टिप्पणी ने इस मामले में हल्के-फुल्के हास्य का तड़का भी लगा दिया।

Exit mobile version