Ghaziabad Encounter : गाजियाबाद पुलिस ने मुठभेड़ में दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। टीलामोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में पकड़ लिया और उनके कब्जे से अवैध हथियार, नकदी और एक स्कॉर्पियो कार बरामद की। गाजियाबाद के टीलामोड़ थाना क्षेत्र में एक स्टांप विक्रेता से 7.5 लाख रुपये की लूट हुई थी।
पुलिस मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उस लूट में शामिल अपराधी काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर फरुखनगर रोड की तरफ मेरठ भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पीपल तिराहा के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने टीलामोड़ की तरफ से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने तेज गति से वाहन को राजपुर की तरफ मोड़कर भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर स्कॉर्पियो चालक ने वाहन को जंगल की तरफ मोड़ दिया, जहां आगे रास्ता बंद होने के कारण वाहन को रोकना पड़ा। वाहन से दो युवक उतरे और पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर ही पकड़े गए। पूछताछ में उनकी पहचान अंकित पुत्र राजू और कार्तिक पुत्र संजय के रूप में हुई।
लूट के 7.5 लाख रुपये बरामद
दोनों आरोपी बागपत जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, एक खाली कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो कार और लूटे गए 7.5 लाख रुपये बरामद किए हैं। घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर 10 जून 2025 को ऑक्सी होम सोसायटी के सामने एक स्टांप विक्रेता से लूट की थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। साथ ही अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...