जम्मू-कश्मीर डेस्क. जम्मू और कश्मीर के राजौरी जिले के मानपुर गांव से एक विशालकाय अजगर मिला है, जिसका वजन लगभग 55 किलोग्राम है और साढ़े चार मीटर से ज्यादा लंबा है। इस अजगर को स्थानीय लोगों ने देखा था। उन्होंने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया। फिर वन्यजीव विभाग के अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर इस विशालकाय अजगर को पकड़ा।

वन्यजीव अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से पास के वन क्षेत्र में असामान्य हलचल की सूचना मिलने के बाद यह अभियान शुरू किया गया। हमें स्थानीय लोगों से एक विशाल सांप की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस टीमों के साथ हमने एक अभियान शुरू किया और घंटों की सावधानीपूर्वक निगरानी के बाद अजगर को सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया।
अजगर ने निगला था सियार
अधिकारियों के अनुसार, अजगर ने एक सियार को निगल लिया था। हालांकि बाद में उसने उसे उगल दिया। उन्होंने बताया कि ऐसा संभवतः तनाव या मानवीय उपस्थिति के कारण पैदा व्यवधान के कारण हुआ होगा। यह एक दुर्लभ नजारा था। इतने बड़े सांप आमतौर पर छिपे रहते हैं, लेकिन यह अजगर एक सियार का शिकार करने के बाद मानव बस्तियों के पास के इलाके में आ गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मानपुर गांव में जब लोगों को पता चला कि एक विशालकाय सांप घूम रहा है, तो दहशत फैल गई। दर्जनों ग्रामीण दूर से ही इस अभियान को देखने के लिए इकट्ठा हो गए, क्योंकि वन्यजीव कर्मचारी सावधानी से उस अजगर के आसपास घूम रहे थे। स्थानीय निवासी ने कहा कि यह डरावना और आकर्षक दोनों था। हममें से किसी ने भी पहले कभी इतना विशाल अजगर नहीं देखा था।
नीले ड्रम में रखा गया अजगर
विशेष उपकरणों की मदद से अजगर को काबू में किया गया और एक नीले ड्रम में रखा गया। वन्यजीव कर्मचारियों ने जानवर के आकार और वजन को देखते हुए इस अभियान को चुनौतीपूर्ण लेकिन सफल बताया। अधिकारियों ने पुष्टि की कि अजगर स्वस्थ दिख रहा है और उसे मानव बस्तियों से दूर एक संरक्षित वन क्षेत्र में वापस छोड़ दिया जाएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...