Site icon Dainik Savera Times

Bihar Politics : राहुल गांधी के बिहार दौरे पर गिरिराज सिंह ने कसा तंज, कहा- कोई फर्क नहीं पड़ेगा…

बिहार डेस्क : कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बिहार के बेगूसराय पहुंचे हैं, जहां उन्होंने कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको नौकरी दो’ पदयात्रा में भाग लिया। यह पदयात्रा दो किलोमीटर लंबी होगी और राहुल गांधी इसके दौरान नुक्कड़-सभा को भी संबोधित करेंगे। बता दें कि चुनावी साल में राहुल गांधी का यह तीसरा बिहार दौरा है, जो राजनीतिक दृष्टिकोण से बहुत अहम माना जा रहा है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बिहार दौरे पर केंद्रीय मंत्री केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के बिहार दौरे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

बिहार दौरे पर बोले गिरिराज सिंह

आपको बता दें कि गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में राहुल गांधी के आने से कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जितना चाहे बिहार में आकर भ्रम फैलाए, इससे राज्य के विकास पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री मोदी की सरकार है, और उन्होंने राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हम बिहार के विकास की बात करें तो 2005 के पहले और 2005 के बाद के बिहार को देखा जा सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य में सड़कों का निर्माण हुआ है, पुलों का निर्माण हुआ है, और रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। नीतीश कुमार की सरकार ने 8 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी है और भविष्य में और 4 लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया है।

पटना एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत

बता दें कि राहुल गांधी आज (सोमवार) पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी बेगूसराय के लिए रवाना हुए। बेगूसराय के सुभाष चौक पर कन्हैया कुमार और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। यहां से राहुल गांधी और कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको नौकरी दो’ पदयात्रा शुरू हुई, जो दो किलोमीटर लंबी होगी।

कांग्रेस नेता शकील अहमद खान का बयान

वहीं राहुल गांधी के बिहार दौरे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान ने कहा कि राहुल गांधी बिहार की ‘अंधी-बहरी’ सरकार को हटाने के लिए बार-बार बिहार आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिहार की जनता से आह्वान कर रहे हैं कि वह उनके अभियान से जुड़ें और राज्य में बदलाव लाने के लिए इस आंदोलन का हिस्सा बनें। राहुल गांधी का यह बिहार दौरा राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, और बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

Exit mobile version