Dainik Savera Times

Retirement From ODI : पंजाब किंग्स के इस बड़े दिग्गज ने अचानक ODI से लिया संन्यास, अब खेलेंगे सिर्फ ये फॉर्मेट

नेशनल डेस्क : ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले मैक्सवेल ने यह निर्णय पूरी तरह से भविष्य की योजनाओं और शरीर की सीमाओं को ध्यान में रखकर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह फैसला 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

149 वनडे मैचों का शानदार करियर

आपको बता दें कि ग्लेन मैक्सवेल ने अपने अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में कुल 149 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 3390 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 23 अर्धशतक लगाए। अपने ऑलराउंड खेल से वह ऑस्ट्रेलिया की कई जीतों में योगदान दे चुके हैं, लेकिन 2023 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी ऐतिहासिक पारी ने उन्हें हमेशा के लिए यादगार बना दिया।

साझा की अपनी मानसिक और शारीरिक स्थिति

मैक्सवेल ने ‘Final Word’ पॉडकास्ट में वनडे से संन्यास का ऐलान करते हुए बताया कि उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी के शुरुआती कुछ मैचों के बाद ही रिटायरमेंट का मन बना लिया था। उन्होंने कहा, “लाहौर में खेले गए एक मैच में हार्ड आउटफील्ड पर फील्डिंग करने के बाद मेरा शरीर काफी परेशान हो गया था। अफगानिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच में भी गीली आउटफील्ड पर फील्डिंग करते हुए मैं थक गया था। मुझे लगने लगा था कि मेरा शरीर अब इस फॉर्मेट के लिए फिट नहीं है।”

टीम की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पा रहे

मैक्सवेल ने कहा कि वनडे मैचों की लंबाई और थकान के चलते उन्हें महसूस हुआ कि वह टीम की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पा रहे हैं। उन्होंने यह भी माना कि वह अपने शरीर से निराश हो रहे थे क्योंकि वह उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे। “मुझे ऐसा लग रहा था कि मैं टीम को निराश कर रहा हूं। मेरा शरीर परिस्थितियों के अनुसार प्रतिक्रिया नहीं कर पा रहा था।

2027 वर्ल्ड कप नई पीढ़ी को मौका देने की इच्छा

मैक्सवेल ने कहा कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के चयन प्रमुख जॉर्ज बेली से बातचीत की और उन्हें बताया कि वह 2027 वर्ल्ड कप के लिए खुद को तैयार नहीं मानते। “मैं नहीं चाहता कि सिर्फ अपने निजी स्वार्थ के लिए मैं कुछ और सीरीज खेलूं। टीम को अब ऐसे खिलाड़ी की ज़रूरत है, जो 2027 वर्ल्ड कप के लिए खुद को तैयार कर सके।”

आईपीएल 2025 में भी चोट और खराब प्रदर्शन

मैक्सवेल IPL 2025 में पंजाब किंग्स की ओर से खेल रहे थे, लेकिन चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उनका प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा — 6 पारियों में मात्र 48 रन ही बना पाए।

क्या टी20 क्रिकेट में खेलते रहेंगे ?

मैक्सवेल ने सिर्फ वनडे क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया है। टी20 फॉर्मेट में वह अभी भी उपलब्ध रहेंगे और आगामी टी20 विश्व कप या अन्य टी20 लीग्स में खेल सकते हैं। उनके फैन्स के लिए राहत की बात ये है कि वो अभी पूरी तरह क्रिकेट को अलविदा नहीं कह रहे हैं। ग्लेन मैक्सवेल का यह फैसला न केवल उनकी व्यक्तिगत ईमानदारी और टीम के प्रति समर्पण को दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि वो युवा खिलाड़ियों के लिए जगह छोड़ने के पक्षधर हैं। उन्होंने अपने वनडे करियर को सम्मानपूर्वक अलविदा कहा है और क्रिकेट जगत में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

 

Exit mobile version