नेशनल डेस्क : इंडिगो की एक फ्लाइट में यात्रियों को उड़ान के दौरान जोरदार झटके लगे। यह फ्लाइट गोवा से लखनऊ जा रही थी और उड़ान के कुछ समय बाद ही विमान को खराब मौसम की वजह से टर्बुलेंस (हवा में झटके) का सामना करना पड़ा। इस दौरान फ्लाइट में सवार लगभग 172 यात्रियों को डर का सामना करना पड़ा। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
यात्रियों को अहमदाबाद हादसे की आई याद
दरअसल, इस विमान में बैठे यात्रियों ने बताया कि जब फ्लाइट को झटके लगने लगे तो फ्लाइट के अंदर अफरा-तफरी मच गई। एक यात्री ने कहा कि उन्हें अहमदाबाद विमान हादसे की याद आ गई और वो काफी डर गए थे। हालांकि, राहत की बात ये रही कि पायलट और क्रू मेंबर्स ने पूरी जिम्मेदारी से काम करते हुए विमान को सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार दिया।
एयरलाइन ने दी जानकारी
वहीं इस पूरी घटना पर इंडिगो एयरलाइन की ओर से एक बयान जारी किया गया जिसमें बताया गया कि 16 जून को उड़ान संख्या 6E 6811, जो गोवा से लखनऊ जा रही थी, उसे पश्चिमी भारत में सक्रिय मानसून के कारण वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा। एयरलाइन ने यह भी कहा कि ऐसे हालात से निपटने के लिए पायलट और केबिन क्रू को पहले से प्रशिक्षण दिया गया होता है और उन्होंने उसी के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। एयरलाइन ने जानकारी दी कि फ्लाइट को बिना किसी बड़ी समस्या के लखनऊ में सुरक्षित लैंड करा लिया गया। यात्रियों को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है।
Air India में खराबी, यात्रियों को उतारा गया
इंडिगो की घटना से पहले एयर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में भी परेशानी सामने आई थी। ये फ्लाइट अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जा रही थी। जब यह फ्लाइट कोलकाता एयरपोर्ट पर रुकी हुई थी, उस दौरान इसके बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। यह फ्लाइट AI-180 थी, जो रात करीब 12:45 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंची थी।
यात्रियों को विमान से नीचे उतारा गया
तकनीकी खराबी के कारण विमान को उड़ान भरने में देरी हुई और यात्रियों को सावधानी के तौर पर विमान से उतार दिया गया। इसके बाद इंजीनियरों द्वारा जांच की गई और आवश्यक तकनीकी सुधार किए गए।
लगातार उड़ानों में सामने आ रही समस्याएं
हाल के दिनों में लगातार उड़ानों में तकनीकी खामियों और मौसम जनित समस्याओं की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि एयरलाइंस यह दावा कर रही हैं कि उनके पायलट और स्टाफ पूरी तरह से प्रशिक्षित हैं, लेकिन इन घटनाओं के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

