Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, गायब हो गया दुल्हन का घर… भटकते रहे बाराती

June 10, 2025

बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, गायब हो गया दुल्हन का घर… भटकते रहे बाराती

नेशनल डेस्क : पंजाब के मोगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने शादी के नाम पर धोखाधड़ी की एक नई मिसाल पेश की है। यह घटना एक दूल्हे और उसके परिवार के लिए एक बुरी और अविश्वसनीय अनुभव बन गई, क्योंकि जब दूल्हा लड़की के घर पहुंचा तो वहां का नजारा देख हैरान हो गया। आइए जानते हैं इस घटना के बारे में विस्तार से…

शादी के नाम पर धोखाधड़ी 

आपको बता दें कि बारात अमृतसर से आई थी। दूल्हे के परिवार ने बताया कि लड़की से उनकी बातचीत फोन पर शुरू हुई थी। यह रिश्ता दूल्हे की भाभी ने अपनी ममेरी बहन से जुड़वाया था। महीनों की बातचीत, वीडियो कॉल और बातचीत के बाद शादी की तारीख और स्थान तय किया गया था। लड़की ने मोगा के गली नंबर 5 का पता दिया था, जहां बारात सुबह 11 बजे के आसपास पहुंची। तो वहां का नजारा देख दूल्हे के परिवार के साथ-साथ पूरा बारात भी हैरान हो गया।

गली में ताले और सन्नाटा

दरअसल, जब बारात गली नंबर 5 पहुंची, तो वहां कोई नहीं मिला। न सजावट, न स्वागत, न ही कोई मेहमान। दूल्हा पक्ष ने इधर-उधर पता किया, लोगों से पूछताछ की, लेकिन लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। मजबूरी में उन्होंने लड़की की फोटो निकाली और आसपास के लोगों को दिखाकर जानकारी लेने की कोशिश की।

फोन स्विच्ड ऑफ, पता फर्जी

वहीं जब लड़केवालों ने लड़की और उसके परिवार के मोबाइल फोन किया तो उनका फोन स्विच्ड ऑफ हो चुका था। बारातियों को तब समझ में आया कि कुछ गड़बड़ है। दोपहर से शाम तक बारात मोगा की गलियों में भटकती रही। आखिरकार थक-हारकर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई गई। हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है जब दुल्हन के नाम पर धोखाधड़ी हुई हो। दिसंबर 2024 में भी हुआ था ऐसा ही मामला सामने आया था।

शादी के नाम पर नया साइबर फ्रॉड?

पुलिस अब इस केस की सोशल मीडिया फ्रॉड और साइबर क्राइम एंगल से जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ गिरोह अब “शादी” के नाम पर भावनात्मक रूप से लोगों को फंसाकर पैसे और प्रतिष्ठा दोनों लूट रहे हैं। लड़की के फोटो, आधार डिटेल और कॉल रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। यह घटना यह दर्शाती है कि आजकल शादी के नाम पर भी धोखाधड़ी हो सकती है। लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और किसी भी रिश्ते को बनाने से पहले पूरी जानकारी और जांच करनी चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें