Dainik Savera Times

बारिश के मौसम में इन पौधों की कटिंग से उगाएं नए पौधे, खिला रहेगा हर कोना

Grow new plants from cuttings : अगर आप घर के गार्डन या बालकनी को हरियाली से भरना चाहते हैं तो ये समय आपके लिए सबसे सही है। बारिश के मौसम में कई पौधे ऐसे हैं जिन्हें केवल एक टहनी (कटिंग) से नए पौधे के रूप में तैयार किया जा सकता है। न सिर्फ ये पौधे आसानी से उगते हैं, बल्कि घर की सुंदरता और सकारात्मक ऊर्जा भी बढ़ाते हैं।

गुलाब का पौधा

गुलाब को फूलों का राजा कहा जाता है और अच्छी खबर ये है कि इसे कटिंग से आसानी से तैयार किया जा सकता है। किसी बड़े गुलाब के पौधे की मोटी और स्वस्थ टहनी काटकर गमले में लगाएं। कुछ ही हफ्तों में जड़ें निकलने लगेंगी और सर्दियों में इसमें खूब फूल खिलेंगे।

जेड प्लांट

जेड प्लांट को फेंगशुई में लकी प्लांट माना जाता है। इसकी मोटी और मांसल पत्तियों वाली टहनी को काटकर अलग गमले में लगाएं। कटिंग से जेड प्लांट जल्दी ही जड़ पकड़ लेता है और नया पौधा बनने लगता है।

मनी प्लांट

घर की शोभा बढ़ाने के साथ-साथ मनी प्लांट को समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसकी लंबी बेलनुमा टहनियों की गांठों के नीचे से कटिंग करें और पानी या मिट्टी में लगाएं। कुछ ही दिनों में इससे नई जड़ें निकलने लगती हैं।

स्नेक प्लांट

कम देखभाल में जीवित रहने वाला यह पौधा न केवल शुभ माना जाता है, बल्कि हवा को शुद्ध करने में भी कारगर है। इसकी लंबी और मजबूत पत्तियों को काटकर अलग गमले में लगाने से आसानी से नया पौधा तैयार किया जा सकता है।

गुड़हल (हिबिस्कस)

गुड़हल का पौधा रंग-बिरंगे फूलों से बगीचे की शोभा बढ़ाता है। इसकी थोड़ी मोटी और सख्त टहनी को काटकर गमले में लगाएं। कुछ ही समय में नई पत्तियां निकलेंगी और पौधा बढ़ने लगेगा। यह पौधा मानसून के मौसम में बहुत अच्छा बढ़ता है।

Exit mobile version