नेशनल डेस्क: पहलगाम आतंकी हमले की जांच चल रही है, और इसी बीच उत्तर प्रदेश के जौनपुर की एक महिला पर्यटक का बड़ा दावा सामने आया है। महिला का कहना है कि 20 अप्रैल को जब वह बैसरन वैली घूमने गई थीं, तो वहां एक संदिग्ध व्यक्ति से उनकी मुलाकात हुई थी।
हिंदू धर्म ज्यादा पसंद है या इस्लाम? महिला से पूछे कई सवाल
महिला के अनुसार, वह व्यक्ति मेरून रंग की जैकेट और पायजामा पहने हुए था और खच्चर की सवारी करवा रहा था। महिला ने बताया कि इस व्यक्ति ने उनसे कई अजीब सवाल पूछे, जैसे – क्या वे कभी अजमेर दरगाह या अमरनाथ यात्रा पर गई हैं? उन्हें हिंदू धर्म ज्यादा पसंद है या इस्लाम? उनके कितने हिंदू और मुस्लिम दोस्त हैं? क्या उन्होंने कभी कुरान पढ़ी है?

महिला ने नंबर मांगा तो बनाया बहाना
जब महिला ने कहा कि उन्होंने अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है, तो उस व्यक्ति ने कहा, “आप रजिस्ट्रेशन मत कीजिए, बस तारीख बताइए, हमारा आदमी लेने आ जाएगा।” महिला ने उस शख्स से फोन नंबर मांगा, तो उसने बहाना बनाया कि उसका फोन ठीक से काम नहीं करता और उसमें बहुत आवाज आती है।
प्लान A ब्रेक फेल
इसी दौरान उसके फोन पर एक कॉल आई, जिसमें महिला ने कुछ कोडवर्ड्स सुने ”प्लान A ब्रेक फेल और प्लान B – 35 बंदूकें भेज दी हैं, घास में छुपी हैं।” महिला का कहना है कि जब उस व्यक्ति को लगा कि वह उसकी बातें ध्यान से सुन रही हैं, तो वह स्थानीय भाषा में बात करने लगा।
शायद उस दिन हमला टल गया था- महिला
महिला ने अपने फोन में एक फोटो और व्हाट्सएप ग्रुप के कुछ स्क्रीनशॉट भी दिखाए हैं, जिसमें उसके दोस्त भी उस संदिग्ध व्यक्ति को पहचान रहे हैं। महिला का यह भी कहना है कि 20 अप्रैल को जहां वह गई थीं, वहां कोई सुरक्षा मौजूद नहीं थी। उन्हें लगता है कि शायद हमला उसी दिन होना था, लेकिन किसी कारण से वह टल गया। महिला के दोस्त इस घटना से डर गए हैं और खुलकर सामने नहीं आना चाहते, लेकिन व्हाट्सएप पर बातचीत के जरिए उन्होंने भी संदिग्ध को पहचान लिया है। इस मामले की जांच में अब यह दावा भी अहम बन गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...