Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का कहर… 12 जिलों में बाढ़ का अलर्ट, जनजीवन अस्त-व्यस्त

July 23, 2025

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का कहर… 12 जिलों में बाढ़ का अलर्ट, जनजीवन अस्त-व्यस्त

Jammu-Kashmir Weather : जम्मू-कश्मीर में बीते कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने हालात गंभीर बना दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 12 जिलों के लिए बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश से पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है।

खासतौर पर राजौरी, पुंछ, रियासी, उधमपुर, डोडा, अनंतनाग और कुलगाम जैसे जिलों में भारी बारिश के कारण जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई हैं। मंगलवार को कलाई और मदाना क्षेत्रों में भूस्खलन के चलते जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-144A) को करीब पांच घंटे तक बंद रखना पड़ा। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसके अलावा, कटरा से माता वैष्णो देवी की ओर जाने वाली हेलिकॉप्टर सेवा और बैटरी कार सेवा भी मौसम के कारण स्थगित कर दी गई है। हजारों श्रद्धालु जो यात्रा पर थे, उन्हें स्थानीय प्रशासन की मदद से सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सतर्क

जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी जिलों में राहत एवं बचाव दल तैनात किए गए हैं। स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। खासकर दक्षिण कश्मीर और जम्मू संभाग में और अधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। नदियों और नालों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ की स्थिति और विकराल हो सकती है।

जनता से अपील

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, निचले इलाकों में सतर्क रहें और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें