
Karnataka Heavy rain : कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के उल्लाल और देरलकट्टे क्षेत्रों में जलभराव और भूस्खलन जैसी गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं।
भूस्खलन में मासूम बच्ची की मौत, कई घर डूबे
देरलकट्टे इलाके में अचानक हुए भूस्खलन के कारण एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान नौशाद की बेटी नईमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कनकारे में नौशाद के घर के पीछे स्थित पहाड़ी और दीवार अचानक ढह गई, जिससे कमरे की खिड़की गिर गई और बच्ची उसकी चपेट में आ गई। हादसे में परिवार के तीन सदस्य मलबे में फंस गए थे, जिनकी तलाश व बचाव कार्य में प्रशासन जुटा हुआ है।
भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त
इधर उल्लाल तालुक में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। लगातार हो रही बारिश की वजह से कुम्पाला, कल्लपु, धर्मनगर, उच्चिला, तलपडी, विद्यानगर सहित कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया है। कल्लपु में 50 से अधिक घर पानी में डूब गए हैं, जबकि तलपडी में एक घर पानी घुसने से क्षतिग्रस्त हो गया है। जलभराव की स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि कई परिवारों को रातोंरात सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
राहत एवं बचाव कार्य के लिए स्थानीय प्रशासन सक्रिय है। उलाल तालुका के तहसीलदार पुट्टाराजू, राजस्व निरीक्षक प्रमोद, सोमेश्वर नगर पालिका के मुख्य अधिकारी सुरेश कार्णिक सहित अन्य अधिकारियों ने रात में घटनास्थलों का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। राहत कार्य जारी है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...