Site icon Dainik Savera Times

Himachal Fire : शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख

Himachal Fire : झंडूता विकास खंड की ग्राम पंचायत डुड़ियां के अंतर्गत आने वाले गांव लदेह (धराड़) में देर शाम एक दर्दनाक हादसे में एक गरीब परिवार का आशियाना आग की लपटों में स्वाहा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुरेश कुमार पुत्र बलदेव दास के घर में हुआ, जो बी.पी.एल. (गरीबी रेखा से नीचे) श्रेणी में आते हैं। बताया जा रहा है कि आग का कारण शॉर्ट सर्किट था, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी भयानक आग

घटना के समय सुरेश कुमार की पत्नी कांता देवी घर पर मौजूद थीं। उन्होंने सबसे पहले फ्रिज से धुआं और चिंगारियां निकलती देखीं। कुछ ही पलों में आग तेजी से फैल गई और घर के भीतर रखे कीमती सामान, कपड़े, बर्तन, अनाज, फर्नीचर सहित लगभग लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि मकान का अधिकांश हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

लाखों का सामान जलकर राख

कांता देवी ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया, जिसके बाद गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर पानी और मिट्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर देर रात तक काबू पाया जा सका, हालांकि तब तक घर पूरी तरह जल चुका था।

ग्राम पंचायत डुड़ियां की प्रधान कुसुमलता ने बताया कि पीड़ित परिवार बेहद निर्धन है और इस हादसे ने उन्हें पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी हलका पटवारी और प्रशासन को दे दी गई है, ताकि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके। प्रधान ने प्रशासन से आग्रह किया कि सुरेश कुमार के परिवार को आपदा राहत कोष से शीघ्र मदद दी जाए, जिससे वे अपने घर और जीवन को दोबारा संवार सकें।

इस घटना से समूचे क्षेत्र में दुख और सहानुभूति का माहौल है। गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था की नियमित जांच और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

Exit mobile version