Site icon Dainik Savera Times

Himachal News: पति की तीसरी शादी से पत्नी थी नाराज, गुस्से में आकर घर और देवता के भंडार में लगाई आग

Fire In Kupwara

Fire In Kupwara

हिमाचल डेस्कः हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पति की तीसरी शादी से नाराज पत्नी द्वारा घर में आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महिला समेत चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को 24 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह मामला कुल्लू जिले की पार्वती घाटी के डढेई गांव का है, जहां 7 दिसंबर को एक घर में आग लगने की घटना हुई थी। शुरुआती जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ। जांच के दौरान सामने आया कि यह आगजनी जानबूझकर की गई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की शादी डढेई गांव में हुई थी, लेकिन उसके पति ने तीसरी शादी कर ली थी। इससे नाराज़ होकर महिला ने अपनी तीन रिश्तेदार महिलाओं के साथ मिलकर पति के घर को आग के हवाले कर दिया। इस आगजनी में दो मकान, एक देवता का भंडार सहित कुल चार भवन जलकर राख हो गए।

इस घटना में दो परिवार बेघर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि एक परिवार गौशाला में रहने को मजबूर है, जबकि दूसरा परिवार दूसरे गांव में स्थित अपने पुराने घर में शरण लिए हुए है। आगजनी में 12 और 18 कमरों वाले दो मकान पूरी तरह जल गए, वहीं देवता अठारह का चार मंजिला भंडारण भवन भी राख हो गया। इस हादसे में एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है।

इस मामले को लेकर एसपी मदन लाल ने चारों महिलाओं की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। फिलहाल, पूरा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Exit mobile version