हिमाचल प्रदेश डेस्कः विश्वप्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़ बिलिंग में एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बीती रात पैराग्लाइडिंग टेक ऑफ साइट के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर घायल हुए हैं। हादसे में मृतक और घायल युवक गगरेट, ऐहजू, भवारना और पंचरुखी क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
गाड़ी गिरने की आवाज सुन लोगों ने इसकी सूचना पुलिस की दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच रेस्क्यू अभियान चलाया और गाड़ी सवार युवकों को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां 2 युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया और अन्य 2 का इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई से गिर गई थी।

