Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal Pradesh : पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित, प्रशासन अलर्ट

March 4, 2025

Himachal Pradesh : पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित, प्रशासन अलर्ट

चम्बा (मोहम्मद आशिक़) : चंबा जिले के उपमंडल चुराह के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भारी बर्फबारी से क्षेत्र की सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है, जिससे आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित हो रही है।

बर्फबारी के कारण प्रमुख संपर्क मार्गों पर 2 से 3 फीट तक बर्फ जमा हो गई है। इससे कई ग्रामीण सड़कों के अलावा देवीकोठी-टेपा मार्ग, बैरागढ़-तीसा मार्ग और अन्य मुख्य सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें लगातार जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क से बर्फ हटाने का कार्य कर रही हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिकता के आधार पर महत्वपूर्ण मार्गों को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बता दें कि बर्फबारी के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। तेज बर्फबारी और गिरते पेड़ों के कारण बिजली की लाइनों में खराबी आ गई है, जिसे सुधारने में बिजली विभाग की टीमें लगी हुई हैं। साथ ही, ठंड के कारण कई जगहों पर पाइपलाइनें जमने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
वहीं दूसरी ओर प्रशासन ने स्थानीय लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है। बर्फबारी के कारण फिसलन बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने भी आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा है ताकि जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।

लगातार बर्फबारी के कारण कई स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हुई है। वहीं, बस सेवाएं भी ठप हो गई हैं, जिससे लोगों को सफर करने में परेशानी हो रही है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और बर्फबारी रुकने के बाद हालात जल्द सामान्य होने की उम्मीद है।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या आपदा प्रबंधन टीम से संपर्क करें। साथ ही, बर्फबारी के दौरान एहतियात बरतने और मौसम संबंधी अलर्ट पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। अगर मौसम साफ रहता है तो जल्द ही जनजीवन सामान्य होने की उम्मीद है। प्रशासन और विभागीय टीमें युद्धस्तर पर राहत कार्यों में जुटी हुई हैं ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें