Site icon Dainik Savera Times

Himachal Pradesh Weather : बारिश का कहर…कई स्थानों पर हुआ भूस्खलन, ऑरेंज अलर्ट जारी

Himachal Pradesh Weather : हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की खबरें आई हैं। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 22, 23, 25 और 26 जून को राज्य के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण धर्मशाला-चतरो-गग्गल मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है और मार्ग को फिर से खोलने का काम चल रहा है। इसके साथ ही ऊपरी शिमला क्षेत्र में टौनी-हाटकोटी मार्ग का एक हिस्सा भी भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है।

भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

पंडोह में शहीद इंदर सिंह मिडिल स्कूल में भी जलभराव की खबरें आई हैं, जिससे छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने रविवार, सोमवार, बुधवार और गुरुवार को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

राज्य में सबसे अधिक बारिश नाहन में 84.7 मिमी दर्ज की गई, इसके बाद पंडोह में 35 मिमी, स्लैपर में 26.3 मिमी, सराहन में 20.5 मिमी, पांवटा साहिब में 19.8 मिमी, जोगिंदरनगर में 19 मिमी, पच्छाद में 17.2 मिमी, रामपुर में 15.6 मिमी और गोहर में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुंदरनगर, शिमला और कांगड़ा में गरज के साथ बारिश हुई, जबकि बजौरा में 37 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्यम और निचले पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, मिट्टी धंसने, निचले इलाकों में जलभराव, कमजोर संरचनाओं को आंशिक नुकसान, फिसलन भरी सड़कों पर वाहनों के फिसलने और खराब दृश्यता की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

Exit mobile version