Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘उनका बलिदान और साहस हमेशा प्रेरणा देता रहेगा’, CM नायब सिंह सैनी ने शहीद उधम सिंह को नमन किया 

July 31, 2025

‘उनका बलिदान और साहस हमेशा प्रेरणा देता रहेगा’, CM नायब सिंह सैनी ने शहीद उधम सिंह को नमन किया 

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महान क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह की तपस्या, बलिदान और उनका साहस हमेशा हमें प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने जलियांवाला बाग में निहत्थे लोगों के हत्यारे जरनल डायर को विदेश में जाकर मौत के घाट उतारा था। जो पूरे देश के लिए आज भी प्रेरणादायक है और हमेशा देश सेवा की प्रेरणा देता रहेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को पंजाब में स्थित शहीद उधम सिंह की जन्मभूमि सुनाम में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहीद उधम सिंह मैमोरियल पर जाकर उनकी प्रतिमा के सामने पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने यहां पौधारोपण भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शहीद उधम सिंह संग्रहालय का दौरा किया और शहीद उधम सिंह से जुड़ी स्मृतियों, उनके फोटो व उनके पत्रों का अवलोकन कर अपने विचार भ्रमण पुस्तिका में दर्ज किए। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरदार हरदयाल सिंह की अगुवाई में शहीद उधम सिंह के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने अपनी मांगों के संबंध में एक मांग पत्र भी हरियाणा के मुख्यमंत्री को सौंपा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह का भाषण

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने संगरूर रोड पर भाजपा नेत्री एवं पंजाब प्रदेश सचिव दामन बाजवा द्वारा आयोजित जनसभा में पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री का पंजाब भाजपा नेताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें शहीद उधम सिंह की जन्मभूमि पर आकर उन्हें नमन करने का अवसर मिला है। जब लोग जलियांवाला बाग में बैसाखी पर्व के लिए एकत्रित हुए थे, उस समय जरनल डायर ने सभी रास्ते बंद करवाकर निहत्थे लोगों पर फायरिंग का आदेश देकर हजारों लोगों को मौत के घाट उतरवा दिया था। उसी समय सरदार उधम सिंह ने देश की मिट्टी को माथे से लगाकर संकल्प लिया था कि जब तक मैं इस जरनल डायर को मौत के घाट नहीं उतार देता तब तक चैन से नहीं बैठूंगा। 13 अप्रैल 1919 की इस हृदयविदारक घटना के बाद 13 अप्रैल 1940 को अंग्रेजों की धरती पर जाकर उन्होंने जरनल डायर को गोलियों से भून कर मौत के घाट उतार कर उन हजारों निहत्थे लोगों की हत्या का बदला लिया और अपना सर्वस्व इस देश पर कुर्बान कर दिया।

उनका साहस हमेशा प्रेरणा देता रहेगा

क्रांतिकारी वीर सरदार उधम सिंह ने लंबे समय तक तपस्या की और फिर अपना बदला लिया। जो उनके साहस, उनकी तपस्या व त्याग का परिणाम है। उनकी महान तपस्या, उनका साहस और उनका बलिदान हमेशा हमें प्रेरणा देता रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम जिस आजाद भारत में रह रहे हैं, इस आजादी के लिए उधम सिंह, भगत सिंह जैसे असंख्य महान क्रांतिकारियों ने अपना बलिदान दिया और उन्होंने अंग्रेजों को भारत छोडऩे पर मजबूर कर दिया। आजादी हमें वैसे ही नहीं मिली है। इसके लिए बड़ी कुर्बानियां देनी पड़ी हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि भारत शहीदों के सपनों का भारत बनें। हमारे क्रांतिकारियों ने जो सपना देखा था, उनके सपनों का भारत बनना चाहिए। इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। हमें देश को उस दिशा में लेकर जाना है, जो सपना क्रांतिकारियों ने आजाद भारत के लिए देखा था।

भाजपा नेताओं ने नायब सिंह सैनी सम्मानित किया 

इस मौके पर पंजाब भाजपा के आला नेताओं सहित सुनाम से आए विभिन्न संगठन सदस्यों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान शहीद उधम सिंह के परिजनों में सरदार हरदयाल सिंह, अमन, पंजाब के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक अरविंद खन्ना, महासचिव दयाल सोढ़ी, प्रदेश सचिव एवं सभा आयोजक दामन बाजवा, जिला सुनाम प्रधान अमृतराज चट्टठा सहित कई गणमान्य मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें