Site icon Dainik Savera Times

भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरी बोलेरो ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, 1 की मौत, 6 घायल

Accident

Accident

Road accident on Malerkotla Road : पंजाब डेस्क : पंजाब के मलेरकोटला रोड पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आपको बता दें कि जरगा गांव के पास बारातियों से भरी एक बोलेरो गाड़ी भूसे से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने से टकरा गई। बता दें कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में गाड़ी चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए।

चमकौर साहिब से लौट रही थी बारात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मलेरकोटला के भड़ी मानसा गांव से बारात लेकर लोग चमकौर साहिब गए थे। लौटते समय रात करीब 11 बजे जरगा गांव के पास सामने से आ रही भूसे से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बोलेरो की भिड़ंत हो गई।

चालक की मौके पर मौत, तीन की हालत गंभीर

हादसे में विक्की (निवासी भड़ी मानसा), जो बोलेरो गाड़ी चला रहा था, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बोलेरो में सवार छह अन्य बारातियों को भी गंभीर चोटें आईं। इनमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। शेष तीन घायलों का इलाज खन्ना सिविल अस्पताल में चल रहा है।

सड़क पर अंधेरा और ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदा भारी भूसा और सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होना हादसे के प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

हादसे में जान गंवाने वाले विक्की के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।सिविल अस्पताल के डॉ. ने बताया कि “अस्पताल में कुल 7 लोग लाए गए थे, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। तीन की हालत गंभीर है और उन्हें पीजीआई रेफर किया गया है।”

Exit mobile version