Site icon Dainik Savera Times

गुजरात की पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 18 मजदूरों की मौत… CM ने किया मुआवजे का ऐलान

Huge fire firecracker factory Banaskantha Gujarat

Huge fire firecracker factory Banaskantha Gujarat

नेशनल डेस्क: गुजरात के बनासकांठा के डीसा के धनुवा रोड पर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना में फैक्ट्री में काम करने वाले 18 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। जान गंवाने वाले सभी मजदूर मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। यह घटना सुबह करीब नौ बजकर 45 मिनट पर डीसा कस्बे के पास स्थित गोदाम में हुई। आग की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पा लिया है।

पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाना ने बताया, इस घटना में 18 लोगों की मौत हो गई तथा भीषण विस्फोट के बाद इमारत का स्लैब ढह जाने से पांच अन्य घायल हो गए।  उन्होंने कहा कि मृतक मध्य प्रदेश के मजदूर और उनके परिवार के सदस्य थे तथा उनमें से अधिकतर की मौत स्लैब गिरने से हुई। मकवाना ने बताया कि यह इकाई पटाखों के भंडारण के लिए थी और अभी तक इस बात का कोई सुराग नहीं मिला है कि वहां पटाखे बनाए जा रहे थे। इससे पहले अधिकारियों ने कहा था कि यह एक फैक्टरी है।

मुख्यमंत्री ने घटना पर जाहिर किया दुख
पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की घटना पर गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा, डीसा में आतिशबाजी के गोदाम में आग लगने और स्लैब गिरने से श्रमिकों की मौत की घटना हृदय विदारक है। इस दुःख की घड़ी में मेरी हार्दिक संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं।


राहत राशि का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा, मैं इस आपदा में राहत, बचाव एवं उपचार कार्यों के संबंध में प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं। प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को शीघ्र और उचित उपचार मिले। राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की सहायता राशि प्रदान करेगी। मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर मृतक श्रमिकों की आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।

हम गुजरात के संपर्क में: CM मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस घटना में मध्य प्रदेश के कर्मचारियों की असामयिक मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार गुजरात के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने कहा कि घटना से प्रभावित कर्मचारियों को पूरी सहायता दी जाएगी।यादव ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की सहायता के लिए सभी आवशय़क प्रयास किए जाएंगे।

Exit mobile version