नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज करते हुए महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि वे न तो किसी झूठी उम्मीद में हैं और न ही किसी ग़लतफ़हमी में। उन्होंने कहा इस बार जनता ने इस सरकार को बदलने का मन बना लिया है और 18 नवंबर को मैं मुख्यमंत्री पद की शपथ लूंगा।
तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहा?
पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि जब राज्य में मतदान चल ही रहा था, तभी कई एग्जिट पोल चैनलों पर दिखाए जाने लगे, जिनमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की जीत का दावा किया गया। उन्होंने कहा कि ये सर्वे पूरी तरह लोगों को भ्रमित करने और चुनाव अधिकारियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव डालने की कोशिश हैं।
तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि इन सर्वेक्षणों का सैंपल साइज और सर्वे के मानदंड (क्राइटेरिया) क्या थे, यह किसी ने सार्वजनिक नहीं किया। उन्होंने कहा कि “जब लोग शाम तक लंबी कतारों में वोट डाल रहे थे, तब भी एग्जिट पोल आना शुरू हो गए। ये केवल एक मानसिक खेल हैं, असली नतीजे तो 14 नवंबर को आएंगे।”
#WATCH | #BiharElection2025 | Patna: RJD leader and Mahagathbandhan CM face Tejashwi Yadav says, “We had said earlier that results will come on 14th Nov and there will be oath ceremony on 18th Nov. This is definitely going to happen. The feedback that we have been receiving has… pic.twitter.com/BihqThbbwf
— ANI (@ANI) November 12, 2025
नतीजे महागठबंधन के पक्ष में आने वाले हैं
तेजस्वी ने बताया कि मतदान खत्म होने के बाद उनकी पार्टी ने जनता से फीडबैक लिया, और जो प्रतिक्रियाएँ मिलीं, वे बहुत ही सकारात्मक थीं। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता ने बड़ी संख्या में बदलाव के लिए वोट किया है और 1995 के चुनावों से भी बेहतर नतीजे महागठबंधन के पक्ष में आने वाले हैं।
मैं मुख्यमंत्री पद की शपथ लूंगा- तेजस्वी यादव
उन्होंने कहा, “हमारे पास जो फीडबैक आया है, उससे साफ है कि जनता ने इस सरकार को बदलने का मन बना लिया है। मैंने पहले ही कहा था कि नतीजे 14 नवंबर को आएंगे और 18 नवंबर को मैं मुख्यमंत्री पद की शपथ लूंगा।” बिहार में दो चरणों में मतदान हुआ पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को। इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया।
विभिन्न एग्जिट पोल में एनडीए की जीत का अनुमान
पीपुल्स पल्स सर्वे: एनडीए 133-159 सीटें, महागठबंधन 75-101 सीटें
पीपुल्स इनसाइट सर्वे: एनडीए 133-148 सीटें, महागठबंधन 87-102 सीटें
जेवीसी सर्वे: एनडीए 135-150 सीटें, महागठबंधन 88-103 सीटें
डीवीसी रिसर्च पोल: एनडीए 137-152 सीटें, महागठबंधन 83-98 सीटें
हालांकि तेजस्वी यादव का कहना है कि “सर्वे कितने भी आएं, असली फैसला जनता ने वोट के ज़रिए दे दिया है।”

