Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs ENG: ऋषभ पंत की चोट ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता, BCCI ने चोट को लेकर दिया अपडेट

July 24, 2025

IND vs ENG: ऋषभ पंत की चोट ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता, BCCI ने चोट को लेकर दिया अपडेट

Rishabh Pant Injury : मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 4 विकेट पर 264 रन बना लिए, लेकिन दिन का सबसे बड़ा झटका टीम इंडिया को तब लगा जब स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत पैर में चोट लगने के चलते रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।

चोट ने पंत को किया मैदान से बाहर

68वें ओवर में जब पंत बल्लेबाज़ी कर रहे थे, तब उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज़ क्रिस वोक्स की फुल लेंथ गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की। दुर्भाग्यवश, गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीधे दाहिने पैर पर जा लगी। इसके बाद पंत जमीन पर बैठ गए और दर्द से कराहने लगे। मैदान पर मौजूद फिजियो ने तुरंत उनकी जांच की, लेकिन जब उनके जूते को उतारा गया, तो साफ देखा गया कि उनके पैर से खून बह रहा था।

ऋषभ पंत की चोट पर BCCI ने दिया अपडेट

बीसीसीआई ने पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद पंत की स्थिति पर आधिकारिक बयान जारी किया। बोर्ड ने बताया कि उन्हें स्कैन के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया और फिलहाल वह मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। स्कैन रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पंत इस टेस्ट में दोबारा मैदान पर उतर पाएंगे या नहीं।

मैदान पर वापसी पर संशय

पंत जिस तरह से चोटिल हुए हैं, उससे साफ झलकता है कि उनकी वापसी आसान नहीं होगी। उनके पैर में सूजन इतनी थी कि वह ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। ऐसे में उनके लिए बल्लेबाज़ी के साथ-साथ विकेटकीपिंग करना भी लगभग असंभव नजर आ रहा है। अगर दूसरे दिन तक सुधार नहीं होता, तो भारत को न सिर्फ बल्लेबाज़ी में एक मजबूत विकल्प की कमी झेलनी होगी, बल्कि विकेट के पीछे भी एक अहम खिलाड़ी की गैरमौजूदगी से जूझना पड़ेगा।

पिछली चोट से भी नहीं उबरे थे पूरी तरह

गौरतलब है कि इससे पहले लॉर्ड्स टेस्ट में भी पंत चोटिल हुए थे, जहां उन्हें हाथ में चोट लगी थी और वह पूरे मैच में सिर्फ बल्लेबाज़ी ही कर सके थे। अब एक और नई चोट उनके लिए चिंता का कारण बन गई है और टीम मैनेजमेंट के लिए भी एक बड़ी चुनौती।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें