Site icon Dainik Savera Times

IND vs ENG: मैनचेस्टर टेस्ट का दूसरा दिन… मैच के दौरान बारिश बन सकती है विलेन

IND vs ENG : मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। मुकाबले के पहले दिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, जिसका शुरुआती फायदा उनकी टीम को मिला। हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाते हुए पहले दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 264 रन बना लिए। पहले दिन का खेल जहां बादलों की छांव में खेला गया, वहीं अब सभी की नजरें दूसरे दिन के मौसम पर टिकी हुई हैं, क्योंकि बारिश खलल डाल सकती है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

बारिश के कारण खेल में हो सकती है रुकावट

एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे दिन मैनचेस्टर में सुबह के समय हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे खेल की शुरुआत में देरी हो सकती है। पूरे दिन बारिश की संभावना लगभग 85 फीसदी तक जताई गई है, जिससे खेल बार-बार रुक सकता है। इससे खिलाड़ियों के साथ-साथ फैंस की भी निराशा बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

तेज गेंदबाजों के लिए मुफीद हालात

जैसा कि पहले दिन देखने को मिला, पिच पर मौजूद नमी का पूरा फायदा इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों को मिला। पहले सत्र में भारतीय बल्लेबाजों को खेलने में खासा संघर्ष करना पड़ा। इसी तरह की परिस्थितियां दूसरे दिन भी देखने को मिल सकती हैं, जिससे तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट का फायदा मिल सकता है।

जडेजा और शार्दुल से उम्मीदें

पहले दिन का खेल खत्म होने तक रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर क्रीज पर मौजूद थे और दोनों ने 19-19 रन बनाकर भारतीय पारी को संभाले रखा। अब दूसरे दिन इन दोनों पर टीम इंडिया की निगाहें टिकी होंगी कि वे पारी को आगे बढ़ाते हुए स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाएं।

Exit mobile version