Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका में भारत का मोस्ट-वांटेड गैंगस्टर नोनी राणा गिरफ्तार, कनाडा भागने की फिराक में था

नेशनल डेस्क: भारत के मोस्ट-वांटेड गैंगस्टरों में शामिल नोनी राणा को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियों ने उसे नियाग्रा बॉर्डर के पास पकड़ा। वह अमेरिका से कनाडा भागने की कोशिश कर रहा था, तभी सुरक्षा जांच के दौरान उसे रोककर हिरासत में ले लिया गया।

नोनी राणा हरियाणा का रहने वाला है और कुख्यात गैंगस्टर काला राणा का छोटा भाई बताया जाता है। भारतीय पुलिस और कई खुफिया एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद अमेरिका और भारत की एजेंसियां कानूनी प्रक्रिया और उसके प्रत्यर्पण (भारत लाने की प्रक्रिया) पर काम कर रही हैं।

अनमोल बिश्नोई 11 दिन की रिमांड पर 
एक दिन पहले, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को भी अमेरिका से प्रत्यर्पित करके भारत लाया गया था। भारत पहुंचते ही एनआईए ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे 11 दिन की हिरासत में भेजा है। एनआईए का कहना है कि अनमोल अमेरिका में बैठकर भारत में आतंकी नेटवर्क चला रहा था। पंजाब पुलिस ने उसे ट्रेस करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने 2022 में बताया था कि अनमोल फर्जी पासपोर्ट पर भारत से भागा था और केन्या सहित कई देशों से होकर अमेरिका पहुंचा। अनमोल कई मामलों में वांछित था जिनमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, 2023 में अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी। इन गंभीर मामलों की वजह से भारतीय एजेंसियां लंबे समय से उसके पीछे थीं।

Exit mobile version