Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘भारत को मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने की जरूरत, गिरता प्रोडक्शन चिंता का विषय’, जर्मनी में बोले राहुल गांधी

December 17, 2025

‘भारत को मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने की जरूरत, गिरता प्रोडक्शन चिंता का विषय’, जर्मनी में बोले राहुल गांधी

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जर्मनी दौरे के दौरान भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भारत को उत्पादन (प्रोडक्शन) बढ़ाने की सख्त जरूरत है, क्योंकि किसी भी देश की तरक्की का आधार मजबूत मैन्युफैक्चरिंग होता है, जबकि भारत में यह सेक्टर कमजोर पड़ता जा रहा है। बुधवार को जर्मनी में कांग्रेस नेता आलोक शर्मा द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी ने यह बातें कही। इस दौरान उन्होंने जर्मनी की मशहूर BMW फैक्ट्री का दौरा करने का अनुभव भी साझा किया।

BMW फैक्ट्री दौरे का अनुभव

राहुल गांधी ने कहा, “हम BMW फैक्ट्री गए थे, यह एक शानदार अनुभव था. मुझे यह देखकर खास खुशी हुई कि वहां TVS की 450 CC बाइक बन रही है। मुझे लगता है कि यह बाइक अच्छा प्रदर्शन करेगी। यह देखकर अच्छा लगा कि वहाँ भारतीय झंडा भी लगा हुआ है।”

मैन्युफैक्चरिंग पर क्या बोले राहुल गांधी?

वीडियो में आगे राहुल गांधी ने कहा, “भारत को प्रोडक्शन शुरू करने की जरूरत है। प्रोडक्शन किसी भी देश की सफलता की कुंजी है। हमारा मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर गिर रहा है, जबकि इसे आगे बढ़ना चाहिए।”

 

IOC ने किया जोरदार स्वागत

राहुल गांधी अपने 5-दिवसीय जर्मनी दौरे पर हैं। बर्लिन हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उनका इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) ने गर्मजोशी से स्वागत किया। IOC के कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया और खुशी जताई। आज वह बर्लिन में एक बड़े IOC कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां पूरे यूरोप से आए IOC नेताओं से मुलाकात करेंगे।

दौरे का मकसद

IOC के मुताबिक, यह दौरा कांग्रेस की वैश्विक मौजूदगी को मजबूत करने भारतीय प्रवासी समुदाय (डायस्पोरा) से संवाद NRI से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और पार्टी की विचारधारा को विदेशों तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। IOC के X अकाउंट पर पोस्ट में कहा गया कि 17 दिसंबर को राहुल गांधी बर्लिन में भारतीय समुदाय से संवाद करेंगे और यह कार्यक्रम पूरे यूरोप के IOC अध्यक्षों को एक मंच पर लाएगा।

भाजपा का विरोध, प्रियंका गांधी का जवाब

इस दौरे की घोषणा संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान हुई थी, जिस पर भाजपा नेताओं ने आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी की बार-बार की विदेश यात्राएं पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर संदेह पैदा करती हैं। इस पर प्रियंका गांधी ने जवाब देते हुए कहा, “जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना आधा समय विदेश यात्राओं में बिताते हैं, तो विपक्ष के नेता की यात्रा पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं?”

20 दिसंबर तक चलेगा दौरा

राहुल गांधी का यह जर्मनी दौरा 20 दिसंबर 2025 तक जारी रहेगा। इस दौरान वह कई बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और यूरोप में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें