इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा है कि उनके हस्तक्षेप की वजह से ही भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुका था। ट्रंप ने कहा कि भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया था, उसके बाद दोनों देशों के बीच हालात खराब हो गए थे। उन्होंने दखल दिया, इसी वजह से टकराव टल गया था।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमने आज तक कई जंग रुकवाई हैं, ये कोई मामूली लड़ाइयां नहीं थीं। भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के विमान गिरा रहे थे। दोनों के बीच हालात बेहद खराब हो चुके थे। मुझे लगता है कि इस दौरान लगभग 5 फाइटर जेट गिराए गए। ट्रंप ने कहा कि परमाणु हथियारों से लैस दोनों देश एक-दूसरे पर जोरदार हमला कर रहे थे।
“…We stopped a lot of wars. And these were serious, India and Pakistan, that was going on. Planes were being shot out of there. I think five jets were shot down, actually…” Says US President Donald Trump pic.twitter.com/yLKZ8vMDaz
— Sidhant Sibal (@sidhant) July 19, 2025
ट्रेड के जरिए सुलझाई लड़ाई
ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हालात लगातार निचले स्तर पर जा रहे थे। हम लोगों ने इसे ट्रेड के जरिए सुलझाया। हम लोगों ने ये भी कहा था कि अगर तुम लोग (भारत-पाकिस्तान) एक-दूसरे के खिलाफ हथियारों का इस्तेमाल करते रहोगे तो हम कोई ट्रेड डील नहीं करेंगे। ट्रंप यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि दुनिया में कुछ दिन पहले नई किस्म की जंग जैसे हालात बन गए थे।
पाकिस्तान ने किया था बड़ा दावा
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव इसका उदाहरण है। ट्रंप ने यह भी दावा किया है अमेरिका ईरान की परमाणु क्षमता को पूरी तरह तबाह कर चुका है। भारत ने जंग के दौरान पाकिस्तान के कई जेट गिराने का दावा किया था। हालांकि इनकी संख्या का उल्लेख नहीं किया था। वहीं, पाकिस्तान ने भारत के दावे को खारिज कर दिया था। पाकिस्तान ने कहा था कि उनकी एयरफोर्स का सिर्फ एक विमान थोड़ा दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।
इसके उलट भारत के 6 फाइटर जेट को उसने मार गिराया है। एक राफेल भी इनमें शामिल है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने पाकिस्तानी दावों को गलत बताया था। उन्होंने कहा था कि कुछ विमान जरूर गिरे हैं। हालांकि उन्होंने संख्या का खुलासा नहीं किया था।

