नई दिल्ली: भारतीय डाक विभाग ने घोषणा की है कि 29 अगस्त 2025 से अमेरिका के लिए पार्सल भेजना अस्थायी रूप से बंद किया जा रहा है। इसका कारण अमेरिका की ओर से नए टैरिफ (शुल्क) नियम लागू करना है।
डाक विभाग ने बताया कि वह 25 अगस्त से ही अमेरिका के लिए ज़्यादातर डाक पार्सलों की बुकिंग बंद कर देगा। इसके पीछे वजह यह है कि अमेरिका के सीमा शुल्क विभाग (CBP) ने जो नए नियम बनाए हैं, वे अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं और उनमें बहुत सारी प्रक्रियाएँ तय नहीं हुई हैं।
क्या है नया नियम?
अमेरिका ने हाल ही में एक कानून लागू किया है जिसे IEEPA (International Emergency Economic Powers Act) कहा जाता है। इसके तहत अब भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले सभी सामानों पर सीमा शुल्क (कस्टम ड्यूटी) लगेगी, चाहे उनका मूल्य कुछ भी हो। हालांकि, 100 अमेरिकी डॉलर तक की गिफ्ट आइटम्स (उपहार) पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। ऐसे में केवल यही गिफ्ट्स या दस्तावेज़ अस्थायी रूप से भेजे जा सकेंगे।
एयरलाइनों ने भी पार्सल लेने से मना किया
इन टैरिफ नियमों को लागू करने के लिए अमेरिका की तरफ से अभी तक साफ दिशा-निर्देश नहीं दिए गए हैं। यही वजह है कि अमेरिका जाने वाली एयरलाइन कंपनियों ने कहा है कि वे 25 अगस्त के बाद भारत से कोई भी डाक पार्सल नहीं ले पाएंगी, क्योंकि उनके पास ज़रूरी तकनीकी और व्यवस्थात्मक तैयारी नहीं है।
किन चीज़ों की बुकिंग जारी रहेगी?
25 अगस्त के बाद सिर्फ दो चीजों की बुकिंग की जाएगी, जिनमें पत्र या दस्तावेज़ और 100 डॉलर तक के उपहार (गिफ्ट)। इन पर भी अंतिम फैसला अमेरिकी अधिकारियों (CBP और USPS) की ओर से स्पष्टीकरण मिलने के बाद लिया जाएगा।
पहले से भेजे गए पार्सल का क्या होगा?
जिन लोगों ने पहले ही अमेरिका के लिए पार्सल भेज दिए हैं, और वो अब इन नियमों के कारण नहीं भेजे जा सकते, उन्हें डाक शुल्क (पोस्टल चार्ज) वापस मिल सकता है। ग्राहक इसके लिए डाकघर में आवेदन कर सकते हैं।
कब तक रुकी रहेंगी सेवाएं?
डाक विभाग ने कहा है कि वह स्थिति पर नज़र रख रहा है और जैसे ही स्थिति साफ़ होगी, सेवाएं दोबारा शुरू कर दी जाएंगी। विभाग ने ग्राहकों से हुई असुविधा के लिए माफी भी माँगी है और भरोसा दिलाया है कि सेवाएं जल्द से जल्द बहाल की जाएंगी।

