Site icon Dainik Savera Times

भारत जल्द सेमीकंडक्टर का निर्यात करेगा… MP ग्रोथ समिट में अमित शाह का बड़ा बयान

India will soon start exporting semiconductors

India will soon start exporting semiconductors

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि भारत बहुत जल्द सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा और आने वाले समय में सेमीकंडक्टर का निर्यात (एक्सपोर्ट) भी शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि भारत ने इस अहम इंडस्ट्री में मजबूत और शानदार शुरुआत कर दी है।

भारत ने सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में शानदार एंट्री की

मध्य प्रदेश में आयोजित ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट’ को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, “भारत ने सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में शानदार एंट्री की है। बहुत जल्द हम न सिर्फ आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि सेमीकंडक्टर का एक्सपोर्ट भी करेंगे।” देश की अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक स्थिति लगातार मजबूत हो रही है। अमित शाह ने बताया कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेक्स रिज़र्व) पहली बार 700 बिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर को पार कर चुका है।

उन्होंने डिजिटल इंडिया मिशन की भी तारीफ की और कहा कि इस योजना के तहत देश ने बेहद कम समय में बड़ी तरक्की की है। अमित शाह ने कहा, “जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यभार संभाला था, तब देश में सिर्फ 7 करोड़ इंटरनेट यूज़र थे। सितंबर 2025 तक यह संख्या बढ़कर 101 करोड़ हो गई है।” रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 702.966 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया था, जो लगातार तीसरे हफ्ते बढ़ोतरी को दर्शाता है।

 

कारगिल युद्ध का जिक्र कर कही ये बात 

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करके की गई। अमित शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनकी मजबूत नेतृत्व क्षमता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अटल जी ने अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद भारत को परमाणु शक्ति बनाया और यह सिद्धांत दिया कि परमाणु ऊर्जा का उपयोग शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए भी किया जा सकता है। कारगिल युद्ध का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि अटल जी ने स्पष्ट कहा था कि जब तक हर घुसपैठिए को बाहर नहीं निकाला जाता, तब तक पाकिस्तान से बातचीत नहीं होगी। कारगिल में भारत की जीत उनकी मजबूत नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव की तारीफ की

अमित शाह ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की भी तारीफ की और कहा कि उन्होंने राज्य के संतुलित विकास के लिए एक नई और सराहनीय पहल की है। उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात में वाइब्रेंट गुजरात समिट के जरिए औद्योगिक निवेश की शुरुआत की थी, और अब मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में क्षेत्रीय निवेश कॉन्क्लेव की शुरुआत कर एक नया मॉडल पेश किया है।

 

मध्य प्रदेश सरकार के अनुसार, अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट के दौरान 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में करीब 25,000 लाभार्थियों, साथ ही हजारों उद्योगपति और निवेशकों के शामिल होने की उम्मीद है। यह समिट राज्य में निवेश बढ़ाने, रोजगार सृजन और समग्र विकास को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version