Site icon Dainik Savera Times

POK में खुलेआम घूम रहा भारत का ये मोस्ट वॉन्टेड आतंकी, पाकिस्तान के दावे झूठे; क्या एक्शन लेगा भारत?

Masood Azhar

इंटरनेशनल डेस्क: भारत के मोस्ट वॉन्टेड आतंकी मसूद अजहर को लेकर बड़ी बात सामने आई है। भारतीय खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला है कि जैश-ए-मोहम्मद का चीफ मसूद अब पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर (POK) में छिपा हुआ है। उसकी मौजूदगी गिलगित-बाल्टिस्तान इलाके में है। उसका पुराना गढ़ बहावलपुर रहा है, जो यहां से करीब एक हजार किलोमीटर की दूरी पर है। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी चिंता जाहिर की है।

बता दें कि इससे पहले पूर्व पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी का बयान सामने आया था। जरदारी ने कहा था कि भारत अगर बताए कि मसूद पाकिस्तान में कहां छिपा है तो हम उसको अरेस्ट करने को तैयार हैं? अजहर पाकिस्तान नहीं, बल्कि अफगानिस्तान में छिपा हो सकता है।

पाकिस्तान का दावा सवालों में

नई जानकारी भुट्टो के दावे को कमजोर करती है। पाकिस्तान की स्थिति को भी यह स्थिति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सवालों के घेरे में लाती है। आतंकी मसूद भारत में कई वारदातों का मास्टरमाइंड रहा है। पठानकोट एयरबेस पर 2016 में हमला और पुलवामा में 2019 में हुए हमले का मास्टरमाइंड वही है। पुलवामा में सीआरपीएफ के 40 जवानों ने शहादत दी थी। यूएन उसे पहले ही अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित कर चुका है। उसके खिलाफ भारत पहले ही कई दफा सबूत पेश कर चुका है।

मसूद के पुराने ऑडियो वायरल

इसी बीच जैश भी भ्रामक दावे कर रहा है। अपने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर जैश मसूद के कुछ पुराने ऑडियो चला रहा है। इसके पीछे मंशा मसूद को बहावलपुर में दिखाने की है। ऐसा सच नहीं है, खुफिया एजेंसियों को सच्चाई पता लग चुकी है। पीओके में मौजूद गिलगित-बाल्टिस्तान से ही चीन-पाक आर्थिक जोन (CPEC) गुजरता है। इसे रणनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जाता है। भारत कई बार पाकिस्तान से मसूद अजहर को सौंपे जाने की मांग कर चुका है।

अगर पीओके में मसूद की मौजूदगी की पुष्टि होती है तो पाकिस्तान के दावों की पोल दुनिया के आगे खुल सकती है। मसूद को लेकर पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय दबाव काफी बढ़ता जा रहा है। मसूद की गतिविधियों पर भारतीय एजेंसियों की नजर भी है। पाकिस्तान मसूद के खिलाफ कार्रवाई करेगा या नहीं, यह देखने वाली बात होगी?

Exit mobile version