नेशनल डेस्क : कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है। बता दें कि इसी महीने 6 जून को पीएम नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। घाटी को रेल मार्ग से जोड़ने को लेकर सरकार लगातार प्रयास कर रही थी, दशकों बाद ये काम सिरे चढ़ पाया। इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन शुरू होने के साथ ही टिकटों की डिमांड बढ़ गई है।
अब कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए आईआरसीटीसी ने खास सुविधा शुरू करने की बात कही है। प्रबंधन का दावा है कि जुलाई के दूसरे सप्ताह से ट्रेन में यात्रियों के लिए कश्मीरी शाकाहारी भोजन की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। बता दें कि सड़क मार्ग के जरिए श्रीनगर से कटरा आवागमन में जितना समय लगता है, वंदे भारत उससे 2-3 घंटे कम लेती है।
लोगों को सर्व किए जाएंगे कई फूड आइटम्स
सूत्रों के मुताबिक कई प्रकार के फूड आइटम्स यात्रियों को परोसे जाएंगे। यात्रियों को नाश्ते में अंबल कद्दू (ambal kaddu), जम्मू पराठा (Jammu paratha) और बाबरू (babru) सर्व किया जाएगा। वहीं, दोपहर के खाने में यात्रियों को जम्मू राजमा, पनीर चमन और कश्मीरी दम आलू सर्व किया जाएगा। अंबल कद्दू को डोगरा व्यंजन माना जाता है। यह सब्जी खट्टी-मिट्ठी मानी जाती है। इसे विशेषकर शादी-विवाह के मौकों पर बनाया जाता है।
वहीं, बाबरू एक खास तरह की पूरी होती है, जिसे पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय नाश्ते के तौर पर खाया जाता है। रेलवे की ओर से शुरू की जाने वाली सुविधा का लाभ उन लोगों को मिलने वाला है, जो कश्मीरी शाकाहारी खाने का लुत्फ लेना चाहते हैं।
बुधवार को नहीं चलती वंदे भारत
बता दें कि वंदे भारत ट्रेन बनिहाल के रास्ते श्रीनगर और कटरा के बीच चलती है। हफ्ते के 6 दिन यह ट्रेन चलती है, बुधवार को नहीं चलती। यह ट्रेन रोजाना सुबह 8 बजे श्रीनगर से रवाना होती है। लगभग 9 बजकर 2 मिनट पर बनिहाल पहुंचती है और 10 बजकर 58 मिनट पर कटरा पहुंच जाती है। कटरा से वापसी में यह ट्रेन दोपहर को 2 बजकर 55 मिनट पर रवाना होती है। शाम को 5 बजकर 53 मिनट पर ट्रेन श्रीनगर पहुंच जाती है।

