Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास… गेंदबाजों ने दिखाया दम, T20I में ऐसा करिश्मा करने वाली बनी पहली ‘Full Member Team’

June 29, 2025

भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास… गेंदबाजों ने दिखाया दम, T20I में ऐसा करिश्मा करने वाली बनी पहली ‘Full Member Team’

Indian Women’s Team: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में इंग्लैंड महिला टीम को 97 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने एक नया इतिहास रच दिया है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ने मुकाबले पर पूरी तरह से अपनी पकड़ बनाए रखी।

स्मृति मंधाना की तूफानी सेंचुरी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत दमदार रही। ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी की। शेफाली वर्मा 22 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन मंधाना ने अपनी पारी को जारी रखा और मात्र 62 गेंदों में 112 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 15 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।

वहीं, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं हरलीन देओल ने 23 गेंदों में 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इनके योगदान से भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 210 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

भारतीय गेंदबाजों ने दिखाया दम

जवाब में खेलने उतरी इंग्लैंड महिला टीम 133 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के लिए कप्तान नेट सेवियर ब्रंट ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए, लेकिन उन्हें किसी और बल्लेबाज का खास साथ नहीं मिला। टीम का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर सिर्फ 12 रन रहा, जो एम अर्लॉट ने बनाए।

भारत की तरफ से एन चारानी ने डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा दीप्ति शर्मा और राधा यादव ने भी दो-दो विकेट अपने नाम किए। पूरी इंग्लिश टीम 19 ओवरों में 133 रनों पर सिमट गई।

भारत की T20I में चौथी सबसे बड़ी जीत

यह जीत भारत की महिला T20I इतिहास में चौथी सबसे बड़ी जीत है। इसके साथ ही भारत महिला T20I क्रिकेट में पहली ऐसी फुल मेंबर टीम बन गई है, जिसने लगातार दो मैचों में 200 प्लस रन बनाए हैं। इससे पहले भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 217 रन बनाए थे।

हालांकि, इंडोनेशिया और अर्जेंटीना की टीमों ने भी महिला T20I में लगातार दो बार 200 से अधिक रन बनाए हैं, लेकिन ये टीमें फुल मेंबर नहीं हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें