नेशनल डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव फिर से बढ़ गया है। पहले पाकिस्तान सिर्फ नियंत्रण रेखा (LoC) पर संघर्षविराम का उल्लंघन करता था, लेकिन अब यह गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) तक फैल गई हैं। मंगलवार रात जम्मू के परगवाल सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
इस घटनाक्रम के बाद, रात को भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) के बीच हॉटलाइन पर बातचीत हुई। भारत ने पाकिस्तानी सेना द्वारा किए जा रहे संघर्षविराम उल्लंघन की कड़ी निंदा की और पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अब सीज फायर का उल्लंघन हुआ तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
संघर्षविराम उल्लंघन की बढ़ती घटनाएं
पिछले छह दिनों से पाकिस्तान की तरफ से लगातार गोलीबारी की जा रही है। जम्मू और कश्मीर के कई LoC सेक्टर जैसे अखनूर, नौशेरा, सुंदरबनी, बारामुला (जिसमें उड़ी सेक्टर भी शामिल है) और कुपवाड़ा (टंगधार और केरन सेक्टर) में पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों से फायरिंग की है। अब यह संघर्षविराम उल्लंघन अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) तक बढ़ गया है, जहां परगवाल सेक्टर में भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) तैनात हैं।
भारतीय सेना ने बड़े हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया
भारतीय सेना के पास पाकिस्तान के लगभग 20 पोस्टों की तस्वीरें और वीडियो हैं, जिनसे यह उल्लंघन हो रहे हैं। भारतीय सेना ने अब तक बड़े हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया है, क्योंकि पाकिस्तान केवल छोटे हथियारों का ही प्रयोग कर रहा है। भारतीय सेना के 15 और 16 कॉर्प्स ने DGMO को स्थिति की पूरी जानकारी दी है।
हाई अलर्ट पर पाकिस्तानी सेना
पाकिस्तानी सेना और नौसेना भारतीय हमले की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट पर हैं। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान एयर फोर्स ने अपने उड़ान संचालन में 50% से अधिक कमी की है और सिर्फ जरूरी मिशन ही किए जा रहे हैं। एक पाकिस्तानी मंत्री ने भी कहा है कि उन्हें अगले 24 से 36 घंटों में भारत की ओर से हमला होने की आशंका है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...