Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL 2025: मिशेल ओवेन की पंजाब किंग्स में एंट्री, पोंटिंग बोले – “मैक्सवेल की जगह आया धमाकेदार पैकेज”

May 7, 2025

IPL 2025: मिशेल ओवेन की पंजाब किंग्स में एंट्री, पोंटिंग बोले – “मैक्सवेल की जगह आया धमाकेदार पैकेज”

IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में बड़ा बदलाव करते हुए पंजाब किंग्स ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मिशेल ओवेन को टीम में शामिल किया है। यह कदम ग्लेन मैक्सवेल की अनुपलब्धता के चलते उठाया गया है। युवा खिलाड़ी ओवेन को लेकर टीम मैनेजमेंट और कोचिंग स्टाफ बेहद उत्साहित नजर आ रहा है।

टीम के हेड कोच और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर रिकी पोंटिंग ने ओवेन को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा, “ओवेन एक कम्पलीट पैकेज हैं। हमने उन्हें बीबीएल में लगातार ट्रैक किया है और उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वो बल्लेबाजी क्रम में फ्लेक्सिबल हैं और साथ ही मध्यम गति की उपयोगी गेंदबाज़ी भी कर सकते हैं – ऐसा संयोजन आईपीएल में बहुत मायने रखता है।”

23 वर्षीय ओवेन को 3 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया गया है। उनका अब तक का टी20 रिकॉर्ड इस बात का संकेत है कि वे किसी भी मौके पर मैच का रुख बदल सकते हैं। 34 टी20 मुकाबलों में ओवेन ने 646 रन बनाए हैं, जिसमें दो विस्फोटक शतक भी शामिल हैं। उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी 108 रन की रही है, जो मध्य क्रम में उनकी मैच जिताऊ क्षमता को दर्शाती है। गेंदबाज़ी में भी उन्होंने 10 विकेट लेकर अपना उपयोगिता मूल्य साबित किया है।

पोंटिंग के अनुसार, ओवेन के आने से टीम को नई ऊर्जा और रणनीतिक विविधता मिलेगी। सहायक कोच जेम्स होप्स भी ओवेन के साथ पहले काम कर चुके हैं और उन्हें लेकर काफी सकारात्मक हैं। पंजाब किंग्स के सीईओ सतीश मेनन ने ओवेन को ‘भविष्य का सितारा’ बताते हुए कहा, “उनमें आईपीएल में सफल होने का कौशल और मानसिक संतुलन दोनों मौजूद हैं। हमें उम्मीद है कि वे टीम में नई जान फूकेंगे।”

ओवेन खुद भी इस मौके को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “मैं पंजाब किंग्स से जुड़कर गर्व महसूस कर रहा हूं। मुझे आईपीएल खेलने का यह मौका मिला, यह मेरे लिए बहुत खास है। मैं टीम के साथ जल्दी जुड़ने और मैदान में अपना योगदान देने को तैयार हूं।” पंजाब किंग्स को अपना अगला मुकाबला गुरुवार को धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना है। ऐसे में ओवेन की मौजूदगी टीम के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है।

ये भी पढ़ें: Punjab Weather: बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड, 15 जिलों के लिए IMD ने जारी की चेतावनी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें