
नेशनल डेस्क : बिहार में इस साल सितंबर-अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। हर पार्टी अपने-अपने तरीके से जनता को साधने और जातिगत समीकरण मजबूत करने में जुटी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने एक रणनीतिक कदम उठाते हुए मशहूर क्रिकेटर ईशान किशन के पिता प्रणव पांडेय को पार्टी में अहम भूमिका दे दी है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
प्रणव पांडे बने JDU के सलाहकार…
आपको बता दें कि जेडीयू ने रविवार को 281 लोगों की एक लिस्ट जारी की जिसमें उन्हें अलग-अलग जिलों से राजनीतिक सलाहकार नियुक्त किया गया है। इस लिस्ट में नवादा जिले से प्रणव पांडे का नाम 144वें नंबर पर दर्ज है। उन्हें पार्टी को राजनीतिक दिशा देने वाली टीम में शामिल किया गया है। इस जिम्मेदारी के साथ वे जेडीयू के लिए एक रणनीतिक भूमिका निभाएंगे।
जिम्मेदारी मिलने पर क्या बोले प्रणव पांडे ?
प्रणव पांडे ने इस नई भूमिका को लेकर अपनी खुशी जताते हुए कहा, “पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाऊंगा। मैं नीतीश कुमार जी के काम से बेहद प्रभावित हूं, और अब पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर चुनाव प्रचार के दौरान जरूरत पड़ी, तो ईशान किशन भी पार्टी के समर्थन में प्रचार कर सकते हैं।
चुनावी रणनीति और जातीय संदेश
ईशान किशन का परिवार भूमिहार जाति से ताल्लुक रखता है, जो बिहार की राजनीति में प्रभावशाली मानी जाती है। ऐसे में उनके पिता को जेडीयू में अहम जिम्मेदारी देना न सिर्फ एक राजनीतिक कदम है, बल्कि इसका उद्देश्य भूमिहार समाज को पार्टी के पक्ष में जोड़ना भी है। यह नियुक्ति जेडीयू की तरफ से जातीय संतुलन साधने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
पहले से ही थे पार्टी से जुड़े
बता दें कि प्रणव पांडे पिछले साल 27 अक्टूबर को जेडीयू में शामिल हुए थे। पार्टी ने अब उन्हें एक तरह से मैदान में उतारने का फैसला कर लिया है। उनकी नियुक्ति से जेडीयू को नवादा और आसपास के क्षेत्र में सामाजिक और राजनीतिक रूप से फायदा मिलने की उम्मीद है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नजदीक आते ही जेडीयू ने एक लोकप्रिय चेहरा, ईशान किशन के परिवार से जुड़ाव दिखाकर जनभावनाओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश की है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस रणनीति का असर चुनावी नतीजों में नजर आएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...