नई दिल्ली: अदाणी समूह ने महाकुंभ की तरह ही ओडिशा के पुरी में चल रही जगन्नाथ यात्रा के दौरान भी भक्तों के लिए प्रसाद सेवा की शुरुआत की है। समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने इसे अपने और अपने परिवार के लिए ‘अत्यंत गौरव और संतोष का विषय‘ बताया है।
रथयात्रा में सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ
गौतम अदाणी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की असीम कृपा से, हमें पुरी धाम की पावन रथयात्रा में सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आज से आरंभ हो रही यह दिव्य यात्रा वह क्षण है, जब स्वयं भगवान अपने भक्तों के बीच आकर उन्हें दर्शन देते हैं। यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा और समर्पण का अनुपम उत्सव है।‘
#PuriRathYatra | Adani Group Chairman, Gautam Adani tweets, “…On this auspicious occasion, the Adani family is fully dedicated with utmost sincerity and reverence to serve millions of devotees. With the resolve that every devotee receives clean, nutritious, and lovingly served… pic.twitter.com/xJh5mL9MoB
— ANI (@ANI) June 27, 2025
अत्यंत गौरव और संतोष का विषय
उन्होंने बताया कि समस्त अदाणी परिवार इस पुण्य अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पूरी निष्ठा और श्रद्धा से समर्पति है। हर भक्त को स्वच्छ, पौष्टिक और प्रेमपूर्वक परोसा गया भोजन मिले, इसी संकल्प के साथ पुरी धाम में ‘प्रसाद सेवा’ आरंभ की गई है। अदाणी समूह के चेयरमैन ने पोस्ट में लिखा, ‘पुरी की इस पुण्यभूमि पर एक सेवक के रूप में जुड़ना मेरे लिए और समस्त अदाणी परिवार के लिए अत्यंत गौरव और संतोष का विषय है। मैं प्रार्थना करता हूं कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की कृपा हम सब पर सदा बनी रहे।‘
नर सेवा ही, नारायण सेवा
उन्होंने पोस्ट के अंत में ‘नर सेवा ही, नारायण सेवा है और सेवा ही साधना है‘ लिखा, जिस वाक्यांश का इस्तेमाल उन्होंने इस साल के आरंभ में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान भी कई बार किया था। अदाणी समूह ने महाकुंभ में भी प्रसाद सेवा के जरिए वहां आए लाखों भक्तों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया था। ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से शुक्रवार को पावन रथ यात्रा शुरू हुई। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर गुंडिचा मंदिर तक जाते हैं। उसके बाद भगवान वापस अपने मूल स्थान पर लौट आते हैं। यह यात्रा 8 जुलाई तक चलेगी।

