Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

J&K: किश्तवाड़ के चिशोती गांव में बादल फटा, 40 लोगों की मौत; राहत-बचाव कार्य जारी

August 14, 2025

J&K: किश्तवाड़ के चिशोती गांव में बादल फटा, 40 लोगों की मौत; राहत-बचाव कार्य जारी

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बादल फटने की बड़ी घटना सामने आई है। ये हादसा पड्डर सब-डिवीजन के चिशोती गांव में हुआ, जो कि मचैल माता मंदिर यात्रा का शुरुआती बिंदु है। बादल फटने के कारण इलाके में अचानक तेज़ बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में 40 लोगों की मौत हो गई है। अब तक 50 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। इस हादसे में 120 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं जबकि 200 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं।

बादल फटने के इलाके में मलबा फैल गया

चिशोती में बादल फटने के तुरंत बाद क्षेत्र में तेज़ बहाव और मलबा फैल गया आसपास भीड़भाड़ थी क्योंकि मचैल माता यात्रा चल रही है। अब तक किसी सटीक जनहानि का आंकड़ा सामने नहीं आया है, लेकिन भारी नुकसान की आशंका है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

उमर अब्दुल्ला ने अमित से की बात 

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह से बात कर किश्तवाड़ में बादल फटने के बाद की स्थिति की जानकारी दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ”मैंने अभी-अभी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और उन्हें जम्मू के किश्तवाड़ क्षेत्र की स्थिति के बारे में जानकारी दी। खबर गंभीर और सटीक है, बादल फटने से प्रभावित क्षेत्र से सत्यापित जानकारी आने में देरी हो रही है। बचाव कार्यों के प्रबंधन के लिए जम्मू-कश्मीर के भीतर और बाहर से सभी संभव संसाधन जुटाए जा रहे हैं। मैं चैनलों या समाचार एजेंसियों से बात नहीं करूंगा। सरकार जब भी संभव होगा जानकारी साझा करेगी।”

सरकार ग्लोबल वार्मिंग के मुद्दे को बहुत गंभीरता से लें

किश्तवाड़ के चशोती इलाके में अचानक आई बाढ़ पर जेकेएनसी प्रमुख फारूक अब्दुल्ला का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहूंगा कि वे ग्लोबल वार्मिंग के मुद्दे को बहुत गंभीरता से लें। पहाड़ी इलाकों में यह बहुत आम हो गया है। इससे निपटने के लिए कोई न कोई तरीका तो निकालना ही होगा। इसलिए मैं उनसे अपील करता हूं कि इस दुख की घड़ी में वे इस बारे में सोचें कि इसका समाधान कैसे किया जा सकता है।”

 

हेल्प नंबर किए जारी

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने किश्तवाड़ में बादल फटने के बाद आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए कंट्रोल रुम हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं। वहीं, सहायता के लिए हेल्प नंबर भी जारी किए गए हैं। 9858223125, 6006701934, 9797504078, 8492886895, 8493801381, 7006463710. इसके अलावा, जिला कंट्रोल रूम के नंबर 01995-259555 और 9484217492 हैं, जबकि किश्तवाड़ पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 9906154100 है।

सरकारी प्रतिक्रिया

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, “स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा और उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से बात हुई है। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू की है। राहत-बचाव दल मौके पर भेजे जा चुके हैं।” उन्होंने आगे बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मेडिकल और राहत सेवाएं सक्रिय हैं। केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव मदद दी जा रही है।

 

एलजी मनोज सिन्हा ने जताया दुख 

एलजी मनोज सिन्हा ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, “चिशोती, किश्तवाड़ में बादल फटने की खबर से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। सभी संबंधित एजेंसियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।” नेता प्रतिपक्ष सुनील कुमार शर्मा ने कहा, “हमारे पास अभी कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है लेकिन स्थिति गंभीर है। यात्रा के चलते इलाका काफी भीड़भाड़ वाला है। मैं उपराज्यपाल से NDRF की तैनाती की मांग करूंगा।”

 

अन्य प्रभावित क्षेत्र

राजौरी और मेंढर इलाकों से भी बाढ़ की खबरें आ रही हैं। वहां भी अचानक पानी भरने और जनजीवन अस्त-व्यस्त होने की जानकारी है। लोगों को यात्रा मार्ग से दूर रहने की सलाह दी गई है। भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए एहतियात बरतने की अपील की गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें